यूपीलीक्स….सॉरी एवरीवन…लिखकर कानपुर आईआईटी के छात्र ने दी जान. फंदे पर लटका मिला शव.
आईआईटी कानपुर में सोमवार सुबह एक छात्र का शव हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला है. छात्र अजमेर का रहने वाला था और वह बायोलॉजिकल इंजीनियरिंग में अंतिम वर्ष में था. सूचना पर पहुंची पुलिस को एक नोटबुक मिली है जिसमें उसने सॉरी एवनीवन लिखा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. वहीं छात्र के परिजन मंगलवार को आएंगे.
मृतक छात्र का नाम जय सिंह मीना था जो कि अजमेर का रहने वाला था. वह कानपुर आईआईटी में हॉस्टल नंबर दो और रूम नंबर 148 में रहकर पढ़ाई कर रहा था. सोमवार सुबह से परिजन लगातार फोन कर रहे थे लेकिन जय का फोन रिसीव नहीं हो रहा था. परिजनों ने इस पर उसके दोस्त से संपर्क किया लेकिन वो छुट्टी पर था. उसने अन्य साथी को इसकी जानकारी दी. जिसके बाद अन्य छात्र उसके कमरे में पहुंचे और दरवाजा खटखटाया लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई. खिड़की से देखा तो जय सिंह का शव एक पाइप के सहारे चादर के कपड़े से लटका हुआ था. इसकी जानकारी आईआईटी प्रशासन को दी गई.
सूचना पर कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई.फोरेंसिक टीम ने कमरे की जांच की तो छात्र को एक नोट बुक मिली जिस पर सॉरी एवनीवन लिखा पाया गया. पुलिस ने छात्र के परिजनों को इसकी सूचना दी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस के अनुसार मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है. परिजनों के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.