यूपीलीक्स…एक और पति की मौत, पत्नी अरेस्ट. दो साल पहले हुई थी लव मैरिज. पोस्टमार्टम में खुला पत्नी का ऐसा झूठ जिसने किया हत्या का पर्दाफाश…
मेरठ के सौरभ हत्याकांड और औरैया के दिलीप हत्याकांड के बाद इसी तरह की तीसरी सनसनीखेज खबर सामने आई है. यहां लव मैरिज के 2 साल बाद ही पति की गला दबाकर हत्या की गई है. पत्नी ने हार्ट अटैक से पति की मौत की सूचना दी थी लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत गला दबाकर की गई थी. परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने पत्नी को अरेस्ट कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है. मृतक युवक रेलवेकर्मी था.
घटना बिजनौर की है. हल्दौर के गांव मुकरंदपुर में रहने वाले 29 साल के रेलवेकर्मी दीपक की शादी 17 जून 2023 को चौहड़पुर नहटौर में रहने वाली शिवानी से हुई थी. दोनों की शादी लव मैरिज थी. दीपक अपनी पत्नी के साथ आदर्श नगर नजीबाबाद में किराए के मकान में रह रहा था. शुक्रवार रात को दीपक के परिजनों को शिवानी ने सूचना दी कि पूजा करते समय हार्ट अटैक आने से दीपक की मौत हो गई है. अस्पताल में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजनाचाहा लेकिन शिवानी ने मना कर दिया. लेकिन दीपक के भाई को शक था तो उसने पोस्टमार्टम के लिए शव को भेज दिया.
गला दबाकर हुई हत्या
हत्या का राज तब खुला जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई. दीपक की मौत गला दबाने से हुई है. इसके बाद दीपक के भाई ने शिवानी पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई. इसके बाद पुलिस ने पत्नी शिवानी से पूछताछ की और उसे हिरासत में ले लिया है. दीपक के परिजनेां का आरोप है कि पत्नी शिवानी ने नौकरी पाने के लिए हत्या की है. इस हत्याकांड में कोई और भी शामिल है जो कि अभी सामने नहीं आया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. दीपक और शिवानी का एकसाल का बेटा वेदांत है.