आगरालीक्स… आगरा एक घंटे की बारिश से नरक बन गया, इससे नगर निगम में मेयर सहित अधिकारी और पार्षदों को कोई फर्क नहीं है, सदन में यह मुददा ही नहीं उठा, डीएम सुबह निरीक्षण पर निकले तो सिल्ट के ढेर देख निराश हो गए, उन्होंने सेनेटरी इंस्पेक्टर को निलंबित करने के लिए नगर आयुक्त को पत्र लिखा है।
रविवार शाम को एक घंटे की बारिश से जलभराव के बाद सडकों पर सिल्ट आ गई थी, गलियों में कीचड से लोग परेशान हैं। अभी मानसून की शुरूआत हुई है, जुलाई और अगस्त में बारिश होनी है। ऐसे में मंगलवार को नगर निगम में सदन की बैठक हुई, सदन शुरू होने के साथ ही रोजा इफ्तार पार्टी आयोजित न किए जाने के सवाल पर हंगामा शुरू हो गया। पार्षद मेयर इंद्रजीत आर्य और नगर आयुक्त अरुण प्रकाश के डायस पर आ गए, काफी देर तक हंगामा होता रहा। इसके बाद हाउस टैक्स बढाने सहित अन्य मुददों पर चर्चा हुई और सदन समाप्त हो गया। लेकिन शहर में नालों के सहारे जगह जगह सिल्ट और नालों की सफाई न होने पर कोई चर्चा नहीं हुई।
पार्षद पतियों को बाहर निकाला
निगम के सदन में पार्षद के साथ उनक पति भी पहुंच जाते हैं, इसका बडा विरोध हुआ। सदन से पार्षद पतियों को बाहर निकाल दिया गया, पहले इसका विरोध किया लेकिन बाद में उन्हें सदन से बाहर निकलना पडा।
डीएम ने दिखाया आईना, सैनेटरी इंस्पेक्टर को निलंबित करने के निर्देश

डीएम गौरव दयाल ने मंगलवार को सुबह आठ बजे खेरिया मोड से मलपुरा रोड तक नाले का निरीक्षण किया। सडकों पर गंदगी का ढेर लगा हुआ था, डिवाइडर के पास सिल्ट के ढेर लगे हुए थे। इन हालातों को निराशाजनक बताते हुए डीएम गौरव दयाल ने नगर आयुक्त को पत्र लिखकर संबंधित सैनेटरी इंस्पेक्टर को निलंबित करने के लिए कहा है। साथ ही सफाई कराने के निर्देश दिए हैं।