आगरालीक्स… आगरा के सक्षम गोयल ने सिविल सर्विसेज एग्जाम में बाजी मारी है, सक्षम की 27 वीं रैंक आई है। सिविल सर्विसेज में पहले तीन स्थान पर महिलाएं हैं। #UPSCresult#civilservices
संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा परीक्षा 2021 का परिणाम जारी कर दिया है। 685 उम्मीदवारों का चयन हुआ है। पहले तीन स्थान पर बेटियां हैं। श्रुति शर्मा ने पहली, अंकिता अग्रवाल ने दूसरी और गामिनी सिंगला ने तीसरी रैंक प्राप्त की है। 685 उम्मीदवारों में से 244 सामान्य, 73 ईडब्ल्यूएस, 203 ओबीसी 105 एससी और 60 एसटी वर्ग के उम्मीदवार शामिल हैं। सिविल सेवा परीक्षा में सफल अभ्यर्थी रैंक के हिसाब से भारतीय प्रशासनिक सेवा यानी आईएएस, भारतीय विदेश सेवा यानी आईएफएस और भारतीय पुलिस सेवा यानी आईपीएस अधिकारी बनते हैं। सिविल सेवा परीक्षा तीन चरणों में होती है, तीसरा चरण इंटरव्यू का होता है इसके बाद नतीजे घोषित किए जाते हैं। हर साल यह परीक्षा आयोजित की जाती है।

आगरा के सेंट कानरेड के छात्र सक्षम की 27 वीं रैंक
यूपीएससी सिविल सेवा में आगरा के सक्षम गोयल की 27 वीं रैंक आई है। सी -35 एंथम कॉलोनी सेक्टर 15 आवास विकास कॉलोनी, सिकंदरा निवासी अमित गोयल के बेटे सक्षम को पहले ही प्रयास में सफलता मिली है। सक्षम गोयल ने सेंट कानरेडस इंटर कॉलेज से 10 वीं की, इसके बाद डीपीएस वसंत कुंज से 12 वीं और 2020 में सेंट स्टीफन कालेज दिल्ली से बीए की। सक्षम के पिता अमित गोयल पावर ग्रिड में कार्यरत हैं, उनकी मां डॉ. छाया गोयल और बड़े भाई शुभम गोयल का आगरा में ही इम्पोर्ट का कारोबार है। जबकि सक्षम के दादा सुधीर कुमार रेलवे में डीआरएम के पद से रिटायर हुए हैं।
पहले प्रयास में मिली सफलता
सक्षम गोयल ने डीपीएस से इंटरमीडिएट करने के बाद सिविल सर्विसेज को लक्ष्य बनाया, इसके लिए बीए में प्रवेश लिया। राजनीतिशास्त्र, अर्थशास्त्र के साथ बीए किया और सिविल सर्विसेज की तैयारी में जुट गए। सक्षम का पहले प्रयास में चयन हुआ है। उनकी 27 वीं रैंक है, इससे वे आईएएस बन जाएंगे।