आगरालीक्स ..आगरा में सीवर की सफाई के लिए निजी कंपनी से करार, टोल फ्री नंबर पर कॉल करते ही होगी सफाई, 42.50 करोड़ रुपये में किया गया करार। नगर आयुक्त अरुण प्रकाश ने बताया कि कंपनी के साथ दस साल का करार किया गया है, काम ठीक रहा तो पांच साल और करार बढ़ाया जा सकता है।
लोगों को सीवर चोक होने की शिकायत के लिए जलकल विभाग तक दौड़ नहीं लगानी होगी। बिजली की तरह केवल टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज करानी होगी। निजी कंपनी के कर्मचारी चोक सीवर लाइन की सफाई के लिए पहुंच जाएंगे, अगर देरी होती है तो टोल फ्री नंबर पर ही इसकी भी शिकायत की जा सकेगी।
आगरा में शनिवार को चेन्नई की कंपनी वीएटेक वबाग से नगर निगम ने करार के लिए हस्ताक्षर किए। कंपनी द्वारा जीवनी मंडी में कॉल सेंटर और धांधूपुरा में मुख्य कार्यालय बना रही है। एक सप्ताह बाद कंपनी सफाई और संचालन का काम शुरू कर देगी।
कंपनी को सालाना 42.50 करोड़ रुपये का होगा भुगतान
महापौर नवीन जैन ने बताया कि आगरा शहर में सात एसटीपी प्लांट हैं। 28 पंपिंग स्टेशन हैं। शहर में 910 किलोमीटर सीवरेज की लाइन है ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस अब वबाग कंपनी करेगी। कंपनी 28 पंपिंग स्टेशनों के संचालन के साथ सीवर सफाई, सीवर ट्रीटमेंट प्लांटों के संचालन व नई सीवर लाइन डालने की व्यवस्था, एसटीपी व इससे संबंधित मेन पंपिंग स्टेशन, इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन, सीवरेज पंपिंग स्टेशन, नाला-टैपिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर और सीवरेज नेटवर्क के संचालन की पूरी जिम्मेदारी को संभालेगी।राज्य सरकार इसके लिए सालाना 42.50 करोड़ रुपये का भुगतान करेगी।