आगरालीक्स.. आगरा के हॉस्पिटल में डिलीवरी के बाद मरीज की मौत, मरीजों को अस्पताल में बंद कर स्टाफ भाग गया। बच्चे की हालत गंभीर है, यह दो महीने में डिलीवरी के बाद आगरा में चौथी मौत का मामला सामने आया है।
आगरा में बुधवार को कालिंदी विहार निवासी बॉबी की 23 वर्षीय पत्नी शालू की डिलीवरी के बाद सरोज हॉस्पिटल टेढी बगिया में मौत हो गई। आरोप है कि मौत होने के बाद हॉस्पिटल के संचालक और स्टाफ ने एंबुलेंस से महिला को कमला नगर के हॉस्पिटल में भेज दिया, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद शालू की मौत की पुष्टि कर दी। परिजन शव को लेकर सरोज हॉस्पिटल पहुंच गए। हॉस्पिटल का ताला लगा हुआ था और अंदर पांच मरीज भर्ती थे। पुलिस के पहुंचने के बाद हॉस्पिटल के संचालक को बुलाया गया, ताला खोलने के बाद मरीजों को दूसरी जगह रेफर किया गया।
शरीर पीला और मुंह से झाग
परिजनों ने बताया कि 14 जुलाई को शालू ने आपरेशन से बेटे को जन्म दिया। मंगलवार रात को उसका शरीर पीला पड गया, इसके बाद इंजेक्शन लगाए और सुबह चार बजे मौत हो गई। मौत होने के बाद एंबुलेंस से कमला नगर रेफर कर दिया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।