आगरालीक्स… आगरा के सर्किट हाउस में भाजपा विधायक और उनकी सिक्योरिटी में लगे पुलिस कर्मियों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट की, कर्मचारियों ने डीएम से कहा है कि उनका तबादला कर दें या न्याय दिलवाएं।
गुरुवार रात तीन बजे आगरा के सर्किट हाउस में चरकारी, महोबा से भाजपा विधायक ब्रज भूषण राजपूत पहुंचे। उनके साथ सिक्योरिटी में पुलिस कर्मी थी। उन्होंने सर्किट हाउस पहुंचने के बाद चौकीदार हरी सिंह, राम प्रकाश और सुभाष तिवारी से कहा कि कमरा दें, चौकीदार ने उनसे कहा कि कमरा तो एडीएम प्रोटोकॉल के द्वारा आवंटित किया जाता है, इस पर विधायक भडक गए, उनसे कहा कि महोबा का विधायक हूं, तुरंत कमरा खोलो। कर्मचारियों का आरोप है कि विधायक और उनके साथ सिक्योरिटी में आए पुलिस कर्मी और सात आठ गार्ड भडक गए, उनके साथ मारपीट करने लगे।
चाबी छीनकर खोला कमरा
कर्मचारियों का आरोप है कि विधायक के साथ आए गार्ड ने हाथ मरोड कर चाबी छीन ली, कर्मचारियों की सूचना पर एडीएम प्रोटोकॉल के क्लर्क सचिन भी पहुंच गए। उन्होंने विधायक के लिए कमरा नंबर 106 खुलवा दिया।
पुलिस कर्मियों भी कमरा खोलने की कहने लगे
विधायक अपने कमरे में चले गए, इसके बाद उनके साथ आए पुलिस कर्मी भी कमरा खुलवाने के लिए कहने लगे। इसे लेकर विवाद बढ गया, कर्मचारियों का आरोप है कि उन्होंने पुलिस कर्मियों से वेटिंग रूम में बैठने के लिए कहा, इस पर पुलिस कर्मियों ने दोबारा मारपीट की। रात भर हंगामा चलने के बाद सुबह जाते समय विधायक कर्मचारियों को धमकी दे गए। इसके साथ ही क्लर्क सचिन को फोन कर गाली गलौज की गई।
डीएम ने दिया आश्वासन

विधायक के जाने के बाद आक्रोशित कर्मचारियों ने सर्किट हाउस में प्रदर्शन किया। इसके बाद कर्मचारियों ने कलक्ट्रेट में डीएम गौरव दयाल को ज्ञापन सौंपा, इसमें उन्होंने मांग की है कि उन्हें न्याय दिलवाया जाए, ऐसा नहीं किया जाता है तो उन्हें सर्किट हाउस से कहीं और स्थानांतरित कर दिया जाए। इस मामले में मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, विधायक ने कहा कि उन्होंने कोई बदसुलूकी नहीं की है, सभी आरोप गलत हैं।