आगरालीक्स.. आगरा में पथराव, कोठी मीना बाजार पर पथराव से कई वाहन क्षतिग्रस्त, पुलिस फोर्स पहुंचा, हाथरस प्रकरण को लेकर प्रदर्शन कर रहे वाल्मीकि समाज के लोगों ने शनिवार को कोठी मीना बाजार स्थित नगर निगम के वर्कशाप पर जमकर बवाल किया। वर्कशाप से शहर में कूड़ा उठाने के लिए जा रहीं गाडियों पर पथराव कर दिया।
हाथरस में वाल्मीकि समाज की बिटिया की मौत को लेकर आगरा में वाल्मीकि समाज के लोगों द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा है। शनिवार को वाल्मीकि समाज के लोग जूता मार्केट कोठी मीना बाजार रोड के सामने स्थित वर्कशॉप पर पहुंच गए। यहां नगर निगम के कर्मचारी और सफाई सुपरवाइजर कूड़ा उठाने वाले वाहनों को वर्कशाप से निकाल रहे थे, इसे देख लोहामंडी के राजनगर से वाल्मीकि समाज के कुछ लोग वहां पहुंच गए ।वह वर्कशाप से वाहनों को निकालने का विरोध करने लगे । इसे लेकर विवाद हो गया, राजनगर से लोगों की भीड़ पहुंच गयी । भीड़ ने पथराव कर दिया, इससे अफरा तफरी मच गई, कोठी मीना बाजार की तरफ से आ रहे लोगों ने अपने वाहन रोक दिए, कुछ वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए, पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, पुलिस पर भी पथराव कर दिया।
डीएम एसएसपी पहुंचे
मामला गर्माने पर डीएम प्रभु एन सिंह, एसएसपी बबलू कुमार ने पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों से जानकारी ली, पथराव करने वाले लोगों को चिन्हित किया जा रहा है।