आगरालीक्स… आगरा की जेल में एसएसपी अमित पाठक ने बॉलीवुड फेम हेयर स्टाइल डिजाइनर जावेद हबीब से हेयर स्टाइल सेट कराई, इसके साथ ही जिला जेल पहली जेल बन गई है, जहां कैदियों को हेयर कटिंग की ट्रेनिंग दी जाएगी। जिससे जेल से बाहर आने के बाद बंदी अपने हुनर से सलून खोल सकें और दोबारा से अपराध की दुनिया में ना जाएं। प्रशिक्षित बंदियों को एक महीने के प्रशिक्षण का जावेद हबीब प्रमाण-पत्र भी दिया जाएगा।
शनिवार को हेयर स्टाइल की दुनिया में बडा नाम जावेद हबीब आगरा की जिला जेल पहुंचे, यहां जिला जेल में प्रधानमंत्री कौशल विकास एवं व्यवसायिक प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत हेयर सैलून स्थापित किया गया है। जावेद हबीब बंदी पुनर्वास एवं प्रशिक्षण सैलून में जावेद हबीब द्वारा ट्रेंड टीम के सदस्य कैदियों को सात- सात दिन का प्रशिक्षण देंगे। जावेद हबीब खुद भी ट्रेनिंग देने के लिए आएंगे, इस तरह आगरा पहली जिला जेल बन गई है, जहां इस तरह का प्रयोग किया गया है। सैलून में प्रशिक्षित स्टाफ द्वारा बंदियों को ट्रेनिंग दी जाएगी, जिससे बंदी जेल से बाहर आने के बाद अपना खुद का सलून खोल सकें।
एसएसपी अमित पाठक की सेट की हेयर स्टाइल
सलून के शुभारंभ के दौरान जावेद हबीब ने आगरा के एसएसपी अमित पाठक की हेयर स्टाइल भी सेट की, यह खुद जावेद हबीब ने किया, उन्होंने कहा कि हमारा मकसद जेल से बाहर निकलने वालों के हाथ में रोजगार देना है। वह कैंची को अपना रोजगार बनाए। हेयर कटिंग की फील्ड बहुत बड़ी है। हाथों में रोजगार होगा, तो बंदी अपराध को भूल जाएंगे।
मशहूर हेयर डिजाइनर जावेद हबीब का कहना है कि उनकी पाठशाला में उनका एक ट्रेनर मौजूद रहेगा। बाकी का काम वे बंदियों से ही कराएंगे। वे भी लगातार मॉनिटरिंग करते रहेंगे। प्रदेश की पहली आगरा की जेल होगी, जहां हेयर कटिंग का स्कूल नामीगिरामी हस्ती खोलने जा रहे हैं।उदघाटन के दौरान एसएसपी अमित पाठक, सिटी मजिस्ट्रेट पीके अवस्थी, जेल अधीक्षक शशिकांत मिश्रा और उद्यमी नजीर अहमद भी उपस्थित रहे।