आगरालीक्स…. आगरा में यमुना ताजमहल से सट कर बह रही है, यमुना के पानी से स्मारकों को हो रहे नुकसान को देखने के लिए कमिश्नर और डीएम पहुंचे। यमुना के जलस्तर का दोपहर दो बजे का अपडेट किया जारी।

आगरा में बुधवार सुबह से ही यमुना के जलस्तर में लगातार गिरावट आ रही है। मंगलवार रात को यमुना का जलस्तर 499.3 फीट तक पहुंच गया था, बुधवार सुबह से जलस्तर में गिरावट आई है। सुबह आठ बजे जलस्तर 499 फीट पर पहुंच गया था, इसके बाद से जलस्तर लगातार कम हो रहा है। दोपहर दो बजे यमुना का जलस्तर 498.7 फीट दर्ज किया गया।
ताजमहल सहित स्मारकों तक पहुंचा यमुना का पानी
यमुना का पानी 45 साल बाद ताजमहल की बाहर की दीवार तक पहुंच गया। महताब बाग में पानी भरने पर पर्यटकों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। कमिश्नर अमित गुप्ता और डीएम नवजीत सिंह चहल ताजमहल सहित अन्य स्मारक और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे।
——————————————————————————————————————
यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, मंगलवार रात को यमुना का जलस्तर 499.30 फीट तक पहुंच गया। यमुना में पानी बढ़ने से महताब बाग में पानी लगातार बढ़ रहा है, यहां बनाए गए ताज व्यू प्वाइंट से पर्यटक यमुना के इस किनारे से दूसरे किनारे पर बने ताजमहल का दीदार करते हैं। पानी भरने पर महताब बाग को पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया। वहीं, बेबी ताज के नाम से एत्माउददौला को जाना जाता है,इसकी यमुना किनारे की तरफ कोठरियां हैं। यमुना का पानी इन कोठरियों में भर गया है, बेबी ताज को छूकर यमुना बह रही है। बेबी ताज में नूरजहां की कब्र से आगे पर्यटकों को जाने से रोक दिया गया है। इसके साथ ही काला गुंबद, बत्तीसखंबा, जोहरा बाग, रामबाग स्थित सराय ए गेट वे, सत कुइयां स्मारक पानी में डूब गए हैं।
ताजमहल का गार्डन हुआ लबालब
ताजमहल के यमुना किनारे वाले हिस्से में पानी लगातार बढ़ रहा है। खान ए आलम स्मारक में भी जलभराव हो गया है लेकिन अभी ताजमहल के अंदर पानी नहीं पहुंचा है। एएसआई, आगरा सर्किल के अधीक्षण पुरातत्वविद राजकुमार पटेल का कहना है कि स्मारकों को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए ड्रोन से सर्वे कराया जा रहा है। छह से सात स्मारकों को बाढ़ से नुकसान हुआ है।
19 जुलाई को यमुना के जलस्तर में आ रही गिरावट
दोपहर 3 बजे 498.6 फीट
दोपहर 2 बजे 498.7 फीट
दोपहर 12 बजे 498.7 फीट
सुबह नौ बजे 498.9 फीट
सुबह आठ बजे 499 फीट