आगरालीक्स… आगरा के डॉ भीमराव आंबेडकर विवि में छात्रों और सुरक्षा कर्मियों के बीच पथराव, रजिस्ट्रार और चीफ प्रॉक्टर के आई चोट, कई छात्र हुए घायल। पुलिस ने आधा दर्जन छात्रों को हिरासत में लिया। पथराव में घायल रजिस्ट्रार केएन सिंह और कर्मचारी नेता अखिलेश चौधरी को जीजी हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है, विवि में बडी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है। कर्मचारियों ने विवि में काम ठप कर दिया है।
गुरुवार को डॉ भीमराव आंबेडकर विवि में बीपीएड के छात्र खेलकूद प्रतियोगिता के लिए किट की मांग करने पहुंचे थे। यहां कुलसचिव केएन सिंह से बीपीएड के छात्र छात्राओं का विवाद होने के बाद हाथापाई हो गई, इसमें कुलसचिव केएन सिंह के चोट आ गई, इसे देख सुरक्षा कर्मी आ गए, उन्होंने छात्र और छात्राओं की पिटाई लगाना शुरू कर दिया। इससे आक्रोशित बीपीएड के छात्रों ने विवि के मुख्य गेट पर पथराव कर दिया, छात्रों के पथराव करने पर चीफ प्रॉक्टर डॉ मनोज श्रीवास्तव, कर्मचारी नेता अखिलेश चौधरी भी पहुंच गए। इन्हें भी चोट आ गई। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने बीपीएड के छात्र छात्राओं को दौडा दौडा कर पीटा। आक्रोशित छात्रों ने भी पथराव किया।
कुलसचिव और कर्मचारी जीजी हॉस्पिटल में भर्ती
विवि में बवाल की सूचना पर बडी संख्या में पुलिस पफोर्स पहुंच गया, पुलिस ने छात्रों को खदेडा, कुछ छात्रों को हिरासत में लिया गया है। वहीं, पथराव में घायल कुलसचिव केएन सिंह और कर्मचारी नेता अखिलेश चौधरी को जीजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, कुलसचिव और कर्मचारी नेता के घायल होने की सूचना पर कुलपति डॉ अरविंद दीक्षित और कर्मचारी जीजी हॉस्पिटल पहुंच गए।
विवि में काम ठप
घटना के बाद कर्मचारियों ने विवि में काम ठप कर दिया, विवि परिसर से छात्रों को खदेड दिया। पथराव के बाद से विवि में अपनी समस्याएं लेकर आए छात्र छात्राएं दहशत में हैं।