आगरालीक्स… आगरा से वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। आगरा कैंट से जम्मूतवी के लिए सप्ताहिक ट्रेन चलाई गई है। यह हर शुक्रवार को आगरा कैंट से सुबह चलेगी, यह ट्रेन शनिवार को जम्मूतवी से आगरा के लिए चलेगी। सप्ताहिक ट्रेन 7 से 29 जून तक चलेगी।
पीआरओ एसके श्रीवास्तव ने मीडिया को बताया कि आगरा कैंट से जम्मूतवी के लिए साप्ताहिक ट्रेन शुरू की है। 7 जून से ट्रेन संख्या 04193 हर शुक्रवार को आगरा कैंट से सुबह 10 बजकर 40 मिनट पर चलेगी। वहीं जम्मूतवी से ट्रेन संख्या 04194 हर शनिवार को रात नौ बजे आगरा कैंट के लिए चलेगी।
जून में ही चलेगी स्पेशल ट्रेन
यह ट्रेन आगरा कैंट से जम्मूतवी तक जून में ही चलेगी, इसके बाद ट्रेन बंद हो जाएगी, जून महीने के चार शुक्रवार को इस ट्रेन से आगरा से जम्मूतवी तक जा सकते हैं।
एसी न चलने पर टूंडला स्टेशन पर हंगामा
गुरुवार देर रात टूंडला स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर पांच पर बीकानेर से कोलकाता जाने वाली नॉन स्टॉप ट्रेन प्रताप एक्सप्रेस को यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को रुकवा लिया। एसी कोच में सफर कर रहे यात्री बोगियों से नीचे उतर आए और हंगामा करने लगे।
यात्रियों का कहना था कि बाहर की हवा आ नहीं रही और कोच के अंदर एसी नहीं चल रहे हैं।
स्टेशन पर हंगामा होने की सूचना पर डीटीएम समर्थ गुप्ता समेत आरपीएफ और जीआरपी के जवान मौके पर पहुंच गए। यात्री कोच में पानी भरे जाने और एसी चालू करवाए जाने की मांग पर अड़े थे। कानपुर में उनकी समस्या का समाधान कराए जाने का आश्वासन देते हुए यात्रियों को कोच में सवार करा ट्रेन को रवाना कराया।