आगरालीक्स.. आगरा में कार से युवती कूद गई, चीखती चिल्लाती हुई पुलिस चौकी पहुंची, पुलिस कर्मियों को बताया कि उसे किडनैप करके कुछ लोग ले आए हैं। युवती से परिजनों का मोबाइल नंबर लेकर पुलिस ने बात की, वे कुछ ही देर में पहुंच गए, पुलिस ने युवती को परिजनों को सौंप दिया।
शनिवार को आगरा फोर्ट चौकी पर पहुंची युवती ने पुलिस को बताया कि वो अंबाह, मुरैना, मध्य प्रदेश की रहने वाली है। वो पढ़ाई कर रही है। साथ ही ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण भी ले रही है। युवती ने बताया कि सुबह सात बजे ब्यूटी पार्लर जा रही थी। गांव की नहर के पास कार में सवार लोगों ने अगवा कर लिया। उसे कुछ सुंघा दिया, जिससे वो बेहोश हो गई। आंख खुली तो वह कार में बैठी हुई थी।

कार से कूद कर भागी युवती
आगरा किला के सामने कार जाम में फंसी थी। युवक बाहर खड़े हुए थे। मौका पाकर वो कार से भाग गई। यह देखकर युवक कार बैक करके भाग गए। पुलिस ने उसके बताए नंबर पर संपर्क किया। सूचना पर बाह से उसके फूफा आ गए। युवती पहले भी घर से चली गई थी। उसकी तबीयत ठीक नहीं है। उसका इलाज चल रहा है। घर से जाने के बाद वो कहानी बना लेती है। उसका अपहरण नहीं हुआ है। उन्होंने कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस ने युवती को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।