आगरालीक्स…विश्व कप में भारत का विजयी आगाज. चेस मास्टर कोहली और क्लास बैटसमैन केएल राहुल ने आस्ट्रेलिया पर दिलाई छह विकेट से जीत…
चेन्नई के चेपक स्टेडियम में खेले गए आस्ट्रेलिया और भारत के बीच विश्व कप के मैच में भारत आस्ट्रेलिया को छह विकेट से हराकर विजयी आगाज किया है. विश्व कप में भारत और आस्ट्रेलिया का यह पहला मैच था. आस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया लेकिन भारतीय गेंदबाजों के आगे आस्ट्रेलियाई टीम 199 रन पर आलआउट हो गई. भारत की ओर से रविंद्र जडेजा ने तीन, कुलदीप यादव ने दो, बुमराह ने दो, अश्विन, सिराज और हार्दिक पांडया ने एक—एक विकेट लिया.
200 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की सबसे खराब शुरुआत हुई. 2 रन के ही स्कोर पर भारत के तीन खिलाड़ी ईशान किशन, कप्तान रोहित शर्मा और श्रेयस अयर बिना कोई खाता खोले आउट हो गए. इसके बाद विराट कोहली और केएल राहुल ने जिम्मेदारी ली. 12 रन के निजी स्कोर पर विराट का कैच शान मार्श ने गिरा दिया. लेकिन इसके बाद विराट और राहुल ने आस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया और रिकॉर्ड 165 रन की पार्टनरशिप की. इसके बाद विराट कोहली 85 रन पर हेजलवुड का शिकार बने लेकिन हार्दिक् पांड्या और केएल राहुल ने 41.2 ओवर में ही भारत को लक्ष्य दिला दिया. केएल राहुल ने 6 मारकर जीत दिलाई. वह 97 रन पर नाटआउट रहे.