आगरालीक्स ..आगरा में हत्या और रेप के तीन नाबालिग आरोपी सुरक्षा में तीन होमगार्डों को कोल्ड ड्रिंक में नशीना पदार्थ पिलाकर फरार हो गए। राजकीय संप्रेषण गृह में खलबली मच गई, तीन होमगार्ड और कर्मचारी को बेहोशी की हालत में भर्ती किया गया है। किशोर गृह के कर्मचारी गनेशीलाल, तीनों होमगार्डो और फरार आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया है।
आगरा में कलक्ट्रेट के पीछे स्थित किशोर गृह है, यहां निरुद्ध सात किशोर रोजा रख रहे हैं। सोमवार सुबह पौने चार बजे एक किशोर ने गनेशी लाल से सहरी के लिए बैरक खोलने को कहा। उसने गनेशी लाल और सुरक्षा में तैनात होमगार्ड मुकेश कुमार शर्मा, राजकुमार और राम स्वरूप कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद किशोर और उसके दो साथी शौचालय की छत से दीवार फांदकर फरार हो गए। सुबह करीब साढ़े चार बजे बाकी किशोर सहरी के लिए उठे, तो उन्होंने गनेशीलाल और तीनों होमगार्डो को बेहोश पड़ा देखा। शोर मचाने पर मुख्य द्वार पर तैनात होमगार्ड नत्थी लाल और शैलेंद्र वहां पहुंचे। उन्होंने किशोर गृह के अधीक्षक आदित्य कुमार को इसकी जानकारी दी।
रेप और हत्या के आरोप में बंद
अधीक्षक के मुताबिक, तीनों फरार किशोर फीरोजाबाद के रहने वाले हैं। इनमें थाना रामगढ़ क्षेत्र का किशोर हत्यारोप में जुलाई 2015 से यहां है, जबकि थाना जसराना क्षेत्र निवासी किशोर दुष्कर्म के आरोप में मार्च 2016 और थाना दक्षिण फीरोजाबाद निवासी किशोर मादक पदार्थ बरामद होने के आरोप में जुलाई 2016 से यहां निरुद्ध है। पुलिस टीमों ने तीनों आरोपियों के गांवों में दबिश दी, लेकिन वे वहां नहीं मिले। सीओ बीएस त्यागी ने बताया कि मामले में किशोर गृह के कर्मचारी गनेशीलाल, तीनों होमगार्डो और फरार आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया है।
Leave a comment