आगरालीक्स ..आगरा में चार लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है, इसमें एक गर्भवती महिला और उसकी तीन साल की बच्ची भी है। इनका एसएन में इलाज चल रहा है, स्वाइन फ्लू अन्य मरीजों में ना फैले, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीज के घर जाएगी।
आगरा के लोहामंडी क्षेत्र की रहने वाली पांच महीने की गर्भवती महिला में शनिवार को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी, इसके बाद सोमवार को महिला मरीज के पति, उसकी बेटी, जेठ और मां की जांच कराई गई। एसएन के माइक्रोबायोलॉजी विभाग की जांच में महिला के पति, तीन साल की बच्ची और जेठ में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इन सभी का एसएन में इलाज चल रहा है। सीएमओ डॉ मुकेश वत्स का कहना है कि एक ही परिवार के चार लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है, इनके अन्य परिजनों में लक्षण मिलने पर जांच कराई जाएगी।
राजस्थान से आया स्वाइन फ्लू
राजस्थान में स्वाइन फ्लू फैला हुआ है, लोहामंडी क्षेत्र की महिला के परिवार में मौत होने के बाद पिछले दिनों कोटा, राजस्थान से रिश्तेदार आए थे। उनके माध्यम से ही स्वाइन फ्लू फैलने की आशंका है।