आगरालीक्स ….इस बार सावन में चार नहीं पांच सोमवार होंगे, यह शुभ संकेत है, सावन का महीना भी 29 दिनों का होगा। पांच सोमवार पड़ना शुभिता तथा धन धान्य से परिपूर्ण होने की निशानी है।
10 जुलाई से सावन का महीना शुरू हो रहा है। सावन माह में चार सोमवार पड़ते हैं लेकिन इस बार पांच सोमवार का पड़ना शुभ संकेत है। तिथियों के घटने से सावन माह इस बार 29 दिनों का पड़ रहा है।
अंतिम सोमवार को चंद्रगहण
सावन के अंतिम दिन सोमवारी पूर्णिमा पर चंद्रग्रहण है। मकर राशि में खंडग्रास चंद्रग्रहण का स्पर्श काल रात्रि 10.53 बजे और मोक्ष रात्रि 12.48 बजे होगा। चंद्रग्रहण का सूतक तीन प्रहर पूर्व दोपहर 1 बजकर 53 मिनट से लगेगा। इस दिन सुबह 10.30 बजे तक भद्रा काल भी है इसलिए भद्रा काल समाप्त होने और सूतक लगने के पूर्व ही बहनें भाइयों की कलाई में रक्षा सूत्र बांध सकेंगी। रक्षा सूत्र बांधने के लिए सुबह 10.39 के बाद और दोपहर 1.53 तक का ही मुहूर्त है।
23 जुलाई को हरियाली अमावस्या पर किसान कृषि यंत्रों की पूजा करेंगे। इसके साथ ही तीज त्योहारों की शुरुआत हो जाएगी। सावन के महीने में त्योहारों की धूम रहती है।
23 जुलाई- हरियाली अमावस्या
26 जुलाई- हरियाली तीज, झूला उत्सव
28 जुलाई- नागपंचमी
7 अगस्त- रक्षा बंधन
10 अगस्त- कजली तीज
13 अगस्त- हलषष्ठी
14 व 15 अगस्त- जन्माष्टमी
शिवालय परिक्रमा में डंडे और डीजे पर प्रतिबंध
आगरा में सावन में शिव परिक्रमा में डंडे और डीजे पर प्रतिबंध रहेगा, डीएम ने सावन के दूसरे सोमवार को लगने वाली शिवालयों की परिक्रमा के लिए आयोजित बैठक में डंडे और डीजे पर प्रतिबंध के आदेश जारी किए हैं।
बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में डीएम ने कहा कि मंदिरों के पास लगने वाले पंडालों का विशेष ध्यान रखा जाए। यह ऐसे स्थान पर न लगे जिससे आम जनता व ट्रैफिक निकलने में कोई परेशानी हो। उन्होंने नगर निगम को निर्देश दिये कि मंदिरों और उनके आस-पास के क्षेत्रों में मार्ग प्रकाश का इंतजाम पूरी तरह ठीक करा दिया जाए। परिक्रमा के दिन ट्रैफिक डाइवर्जन का प्लान बनाकर ट्रैफिक को सुचारू रूप से चलाया जाए। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों और सीओ को निर्देश दिये कि वे रविवार से ही अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहें। जिले में आवश्यक स्थानों पर बेरिकेडिंग करा ली जाए।
नगर निगम को परिक्रमा के दिन कैलाश मन्दिर पर फव्वारे लगाने के साथ सभी मंदिरों व आसपास विशेष सफाई के आदेश दिये। कैलाश मंदिर के महंत ने एनएच-2 से कैलाश मंदिर मार्ग पर गिट्टी पड़ी होने की शिकायत की। डीएम ने उसे तुरन्त हटवाने के निर्देश दिये। बल्केश्वर मन्दिर के महंत द्वारा मन्दिर के पीछे मैदान में पुलिस द्वारा जब्त की गई गाड़ियों के खड़ी होने की शिकायत की गई, जिस पर एसपी सिटी को उन्हें हटवाने के निर्देश दिये। बैठक में एडीएम सिटी कामता प्रसाद, एसपी सिटी कुं. अनुपम सिंह आदि अधिकारी उपस्थित थे।