आगरालीक्स….. आगरा में हवा के साथ यमुना का जल भी जहरीला हो रहा है। यमुना में मछलियों की मौत, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने दो जगह से सैंपल लिए हैं।
आगरा में रामबाग घाट पर लोग मछलियों को आटा डालने के लिए पहुंचे। यहां यमुना घाट पर मछलियां मरी पड़ी थी, इन्हें देख उन्होंने सूचना दी। इसके बाद उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम पहुंची और यमुना जल के सैंपल लिए।
यमुना जल में भारी मात्रा में मिला प्रदूषण
उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने यमुना जल के सैंपल लिए। सैंपल में भारी मात्रा में प्रदूषण मिला। पानी में घुलने वाली आक्सीजन की मात्रा बेहद कम मिली। यमुना में घुलनशील आक्सीजन केवल 3 मिलीग्राम तक रह गई, यह बहुत कम है।

टोटल कॉलीफार्म की मात्रा भी बढ़ी
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने ताजमहल के पीछे यमुना नदी में पानी के सैंपल लिए। यहां टोटल कॉलीफार्म की मात्रा 90 हजार से ज्यादा मिली। जबकि टोटल कॉलीफार्म की मात्रा 5000 तक है तो भी पानी की स्थित बेहद खराब मानी जाती है।
सीवर और फैक्ट्री के पानी से बढ़ रहा प्रदूषण
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि गोकुल बैराज से ही पानी में प्रदूषण ज्यादा आ रहा है। आशंका है कि सीवर और फैक्ट्री के गंदे पानी से यमुना का जल जहरीला हो रहा है और घुलनशील आक्सीजन कम हो रही है।