आगरालीक्स…(22 November 2021 Firozabad News) शादी हो गई थी तय. मंगेतर की गोदभराई के लिए तैयार होने गया था युवक. बाइक से लौटते समय हादसे में मौत….
आगरा में शादी से पहले दुल्हन के तीन भाइयों की मौत के बाद अब फिरोजाबाद में भी एक शादी वाले घर में खुशियों की जगह मातम छा गया. थाना एका क्षेत्र में सोमवार को एक्सीडेंट में बाइक सवार युवक की मौत हो गई. युवक की शादी कुछ दिन पहले ही तय हुई थी और वह मंगेतर की गोदभराई के कार्यक्रम में जाने के लिए तैयार होने गया था लेकिन वापस लौटते समय हादसा हो गया.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार 19 वर्षीय सुमित पुत्र शिशुपाल की कुठछ समय पहले ही एटा से शादी तय हुई थी. वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था और पिता के साथ खेती करता था. सोमवार को सुमित को परिजनों के साथ गोदभराई के लिए जाना था. घर में इसकी तैयारियां चल रही थीं. सुमित भी तैयार होने के लिए बाइक से बाल कटाने के लिए गया था. लेकिन रास्ते में लौटते समय गांव दलेलपुर के पास अनियंत्रित मैक्स ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में सुमित की मौके पर ही मौत हो गई. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. इधर सुमित की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.