आगरालीक्स….. आगरा में महिला उत्पीड़न की सुनवाई के दौरान पहुंचे डॉक्टर ने चौंकाया, कहा पत्नी का बॉस से अफेयर है। होटल के बिल और फोटो भी उपलब्ध कराए. राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष सुषमा सिंह ने सीओ कोतवाली को कॉल डिटेल और होटल की फुटेज निकलवाने के लिए कहा है, जिससे सच पता चल सके।
राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष सुषमा सिंह बुधवार को कलेक्ट्रेट में महिला उत्पीड़न के मामलों की सुनवाई कर रहीं थी। यहां पहुंची दंत चिकित्सक ने कहा कि मेरा पति दंत चिकित्सक है, मेरे सास ससुर मुझे घर से बेदखल करना चाहते हैं, पति भी मेरा साथ नहीं दे रहा है और बुरा बर्ताव करता है। उपाध्यक्ष ने महिला थाने की इंस्पेक्टर से कहा कि इनके पति को फोन कर बुलाओ, 20 मिनट बाद वह पहुंच गए।

मैडम मेरी पत्नी का बॉस से है अफेयर, बॉस की पत्नी भी है परेशान
20 मिनट बाद दंत चिकित्सक कलेक्ट्रेट पहुंच गया। उससे आयोग की उपाध्यक्ष ने पूछा कि क्यों अपनी पत्नी को परेशान करते हो। इस पर दंत चिकित्सक की आंखों में आंसू आ गए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, महिला आयोग की उपाध्यक्ष के सामने दंत चिकित्सक ने होटल का बिल, कुछ फोटो और लव लैटर दिखाया। कहा कि शादी को एक साल हुआ है, भोपाल में एक दंत चिकित्सक का अस्पताल है, वहां पत्नी ने काम किया है, इसके बाद से बॉस से अफेयर हो गया। हॉस्पिटल संचालक बॉस के पिता का भी फोन आया था, उन्होंने कहा कि अपनी पत्नी को संभालो, क्यों वह मेरा घर बर्बाद करने पर तुली है। बॉस की पत्नी को भी यह पता है। इस पर महिला दंत चिकित्सक ने कहा कि उनके पति गलत आरोप लगा रहे हैं।
कॉल डिटेल और होटल की सीसीटीवी से आएगा सच सामने
इस पर महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने सीओ को निर्देश दिए हैं कि होटल के सीसीटीवी फुटेज और दंत चिकित्सक की कॉल डिटेल निकालें, जिससे सच सामने आ सके।