
आगरा में शनिवार को कई पदों के लिए रेलवे भर्ती परीक्षा थी। इससे पहले ही मलपुरा पुलिस ने चार शातिरों को पकड लिया। एएसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि गिरफ्तार साल्वर राजस्थान के हैं। जितेन्द्र मीणा निवासी भरतपुर, राजेश व हंसराज मीणा संवाई माधौपुर और मुकेश जिला बरौली का रहने वाला है। साफ्टवेयर जितेंद्र इनका सरगना है। वह कंप्यूटर और मोबाइल का मास्टर है।
लाल रंग की बनियान से हाईटेक नकल
पुलिस ने शातिरों से लाल रंग की बनियान जब्त की है, इसी बनियान के द्वारा पेपर सॉल्व किया जाना था। पुलिस ने बताया कि बनियान में मोबाइल के मदर बोर्ड को मेडिकल टेप के द्वारा चिपकाया गया है। इससे दो पतले तार कॉलर की तरफ जाते हैं, कैमरा और चार माइक्रो स्पीकर लगाए गए हैं। पेपर आने पर परीक्षार्थी को एक बटन दबाना था, जिससे पेपर कैमरे में आ जाता और उसे ब्लूटूथ से बाहर बैठे सॉल्वर के पास पहुंच दिया जाता। इसके बाद बाहर बैठे सॉल्वर एक एक प्रश्न का जवाब बताते हैं, परीक्षार्थी के कान में माइक्रो स्पीकर लगा होता है, जो दिखाई नहीं देता। इस तरह परीक्षार्थी सही जवाबों पर टिक करता जाता है। परीक्षार्थियों को यह बनियान शर्ट के नीचे पहननी होती है।
तीन लाख में ठेका
रेलवे भर्ती में पास कराने के लिए तीन लाख में ठेका लिया गया था। इसके लिए खास तौर की बनियान परीक्षार्थी को दी जानी थी। पुलिस गिरोह के सदस्यों से पूछताछ कर रही है।
Leave a comment