आगरालीक्स …(Agra News 1st may 2022 ).आगरा में धूल भरे बवंडर के बाद बारिश ने चार साल पहले आए तूफान से मची तबाही की दहशत फैला दी, लोग घरों से बाहर नहीं निकले, अंधेरा छा गया, बिजली कड़कने के साथ बारिश, बिजली गुल हो गई।

आगरा में रविवार एक मई 2022 को शाम पांच बजे मौसम बदल गया, कई दिनों से लू और गर्मी के बीच धूल भरी आंधी चलने लगी। कई क्षेत्रों में बवंडर से लोग दहशत में आ गए, शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में आंधी से पेड़ टूट गए, लोग जान बचाने के लिए सुरक्षित जगह पर भागने लगे।
आंधी के बाद बिजली की गरज चमक के साथ तेज बारिश
करीब 30 मिनट तक धूल भरी आंधी चलने से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया, लोग घरों से बाहर नहीं निकले। इसके बाद बादलों की गरज चमक के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। कई इलाकों में तेज बारिश हुई और बिजली कड़कने लगी।
दिन में अंधेरा, बिजली गुल
आंधी चलने से दिन में अंधेरा हो गया, वाहन चालकों को लाइट जलानी पड़ी। इसके साथ ही बिजली आपूर्ति ठप कर दी गई। पौन घंटे से आगरा में बिजली गुल है और सन्नाटा पसरा हुआ है।
2018 में अप्रैल और मई में तूफान ने आगरा में बरपाया था कहर
चार साल पहले 11 अप्रैल और दो मई को आगरा में 130 और 132 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से तूफान आया था, शहर और देहात में दर्जनों घर ध्वस्त हो गए थे, 70 से अधिक लोगों की मौत हुई थी, उस समय भी शाम के समय ही तूफान आया था। इस बार भी शाम के समय धूल भरी आंधी चलने से लोग दहशत में आ गए।