आगरालीक्स…. आगरा की बदहाल सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की तस्वीरें मीडिया में आने के बाद डिप्टी सीएम ने लखनऊ से टीम भेजी, टीम को स्टोर में बच्चों को दिए जाने वाले एक्सपायर सिरप मिले तो लेडी लॉयल में भी अव्यवस्था मिली।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने मीडिया में आ रहीं खबरों के बाद मुख्यालय से निदेशक डॉ. एके सिंह और संयुक्त निदेशक डॉ. प्रहृलाद को जांच के लिए भेजा। मंगलवार को दो सदस्यीय टीम जिला अस्पताल पहुंची। टीम सीधे स्टोर रूम में गई, दवाएं देखने लगे तो एक कार्टन में सिरप मिले, सिरप एक्सपायर हो चुके थे और बच्चों को दिए जाने वाले सिरप थे। इसके बाद टीम ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया, कई खामियां मिली। वार्ड ब्वाय ठीक से काम नहीं कर रहे थे। टीम ने अल्ट्रासाउंड सेंटर के साथ ही एक्सरे रूम में भी जांच की। इसके बाद टीम प्रमुख अधीक्षक डॉ. अशोक अग्रवाल के पास पहुंची, उन्होंने एक्सपायर सिरप के मामले में जानकारी मांगी, उन्होंने टीम को बताया कि 250 सिरप हैं, स्टोर प्रभारी फार्मेसिस्ट छुटटी पर हैं इसलिए पूरी जानकारी नहीं है। टीम ने नाराजगी जताई कि सिरप एक्सपायर हो गए हैं तो उन्हें अलग रखा जाना चाहिए।
लेडी लायल में भी टीम ने किया निरीक्षण
इसके बाद दो सदस्यीय टीम लेडी लायल पहुंची। टीम ने यहां व्यवस्थाएं देखी, मरीज और तीमारदारों से भी बात की। टीम अपनी रिपोर्ट डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक को सौंपेगी, उनकी टीम की रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई और सुविधाओं में सुधार किया जाएगा।