आगरालीक्स…आगरा में सनसनीखेज वारदात. पत्नी की हत्या कर पति ने किया सुसाइड. 7 महीने की गर्भवती थी महिला. पुलिस के पहुंचने से पहले ही…..
आगरा में सनसनीखेज वारदात सामने आई है. पत्नी की हत्या कर पति ने फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली. दुखद बात ये भी है कि महिला 7 महीने की गर्भवती थी. ससुरालियों ने विवाहिता और उसके पति का एक ही चिता में अंतिम संस्कार कर दिया और पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गए. विवाहिता के मायके पक्ष पुलिस को लेकर जब तक पहुंचे, तब तक शव लगभग जल चुके थे. विवाहिता के पिता ने ससुरालियों के खिलाफ तहरीर दी है. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और फरार ससुरालियों की तलाश कर रही है.
साढ़े तीन साल पहले हुई थी शादी
सिकंदरा के गांव अटूस में रहने वाले हरीबाबू ने अपनी बेटी 25 वर्षीय प्रीति की शादी साढ़े तीन साल पहले मलपुरा के गांव खलौआ में रहने वाले कृष्णवीर उर्फ कृष्णा के साथ की थी. कृष्णवीर पत्थर घिसाई का काम करता था. दोनों के एक डेढ़ साल की बेटी है और प्रीति इस समय 7 महीने की गर्भवती थी.

विवाहिता के परिजनों ने आरोप लगाया कि प्रीति को उसके ससुराल वाले परेशान कर रहे थे. रात में किसी बात पर दोनों पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया जिसके बाद पति ने प्रीति की हत्या कर दी और खुद भी कमरे में फंदा बनाकर उस पर झूल गया. सोमवार सुबह ससुरालियों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही गांव के बाहर खेत में दोनों के शव को एक ही चिता पर रखकर अंतिम संस्कार कर दिया. किसी परिचित ने इसकी सूचना प्रीति के परिजनों को दी. प्रीति के मायके वाले जब तक वहां पहुंचते तब तक दोनों शव लगभग जल चुके थे. कृष्णवीर के परिजन घर से फरार थे. मायके वालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस मौके पर पहुंच गई. मृतका के पिता का आरोप है कि ससुराली प्रीति और कृष्णवीर को पसंद नहीं करते थे और आए दिन उत्पीड़न किय करते थे. पुलिस ने पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.