आगरालीक्स ….आगरा में आयकर विभाग ने एक बडे बिजनेस ग्रुप पर रेड की है, बिनजेस ग्रुप के तीन ठिकानों पर आयकर विभाग की टीम कार्रवाई कर रही है। गुरुवार सुबह आयकर विभाग की जांच शाखा ने एक के बाद एक शू एक्सपोर्टर गोपाल गुप्ता की गुप्ता ओवरसीज के कार्यालय और उनके घर सहित 10 ठिकानों पर रिकॉर्ड खंगाले, वहीं, बलूनी क्लासेज पर भी आयकर विभाग की जांच शाखा द्वारा कार्रवाई की जा रही है। बलूनी क्लासेज कोचिंग के साथ ही स्कूल संचालित कर रहा है, प्रोपर्टी में भी बलूनी क्लासेज का इवेस्टमेंट है। बिजनेस हाउस के तीन ठिकानों पर खरीद फरोख्त के दस्तावेज खंगाले, बिजनेस ग्रुप का एक्सपोर्ट का बडा कारोबार है।
बुलियन से सर्वे में 42 करोड सरेंडर
आगरा में 10 सितंबर 2016 को आयकर विभाग के बडे सर्वे में बुलियन और सराफा व्यापारियों ने रिकॉर्ड 42 करोड सरेंडर किए हैं। करीब 11 घंटे चले सर्वे के बाद चार बुलियन और सराफा कारोबारियों ने 42 करोड अघोषित आय स्वीकार (सरेंडर) की है।
शहर में चार हॉस्पिटल से आठ करोड सरेंडर होने के बाद आयकर विभाग ने बुलियन कारोबारियों पर सर्वे किया। आयकर आयुक्त अनुराधा मिश्रा के निर्देश पर संयुक्त आयकर आयुक्त बेलू सिन्हा की अगुवाई में सराफा और बुलियन के चार कारोबारियों पर शुक्रवार दोपहर बाद सर्वे शुरू किया गया। चौबे जी का फाटक, नमक की मंडी स्थित चारों फर्म राजेंद्र खेरली की एमएल चेंस, मनोज गुप्ता की जीटी चेंस, राजकुमार गुप्ता की सीपी चेंस और सुशील चौहान की शिवम ट्रेडर्स पर आयकर अधिकारियों की टीमों ने एक साथ कार्रवाई शुरू की।
आयकर सर्वे होते ही नमक की मंडी में ज्वेलर्स और बुलियन कारोबारियों के प्रतिष्ठानों के शटर धड़ाधड़ गिरने लगे। 50 से ज्यादा आयकर अधिकारियों की टीम ने देर रात तक चारों प्रतिष्ठानों के सात परिसरों पर सर्वे किया । आगरा में सबसे ज्यादा चांदी आयात की गई। देश के टॉप तीन आयातकों में आगरा के दो बुलियन कारोबारी हैं। हाल में ही बुलियन फेडरेशन के कार्यक्रम में आगरा के दोनों ही चांदी आयातकों को सम्मानित किया गया था। आयकर विभाग की नजर तभी से बुलियन कारोबारियों पर थी।
इन पर चल रहा सर्वे
चौबेजी के फाटक में मदन लाल, राजेंद्र कुमार के एमएल चैन, एमएल सिल्वर लाइंस और राजेंद्र ज्वैलर्स पर सर्वे किया। दूसरी टीम ने सुशील चौहान के एसएल पायल पर कार्रवाई की। तीसरी टीम ने नमक की मंडी में मनोज गुप्ता के पीसी पायल और राजकुमार के जीटी पायल पर सर्वे किया।
आगरा में आठ करोड सरेंडर
31 अगस्त 2016 को आगरा के चार बडे हॉस्पिटल पर आयकर विभाग ने सर्वे किया। कमला नगर और ट्रांस यमुना क्षेत्र के चार हॉस्पिटल में आयकर विभाग की टीमों ने एक साथ कार्रवाई शुरू की। हॉस्पिटल में मरीजों से लिए जा रहे चार्ट और दवाओं की बिक्री संबंधी दस्तावेज चेक किए। इससे शहर के डॉक्टरों में खलबली मची हुई है। हॉस्पिटल संचालकों ने आठ करोड अघोषित आय स्वीकार की है, इस पर टैक्स लगाया गया है।
आयकर विभाग की टीम ने बुधवार को कमला नगर के डॉ राजेश अग्रवाल के अग्रवाल हॉस्पिटल पर सर्वे किया, टीम ने मरीजों से संबंधी दस्तावेज और भर्ती मरीजों के रिकॉर्ड को चेक किया। हॉस्पिटल की आय के स्रोतों की जानकारी ली, साथ ही मरीजों से किए जा रहे चार्ज और ओपीडी और वार्ड में भर्ती मरीजों का ब्योरा लिया गया। आयकर विभाग की एक टीम ने कमला नगर स्थित ओजस हॉस्पिटल पर सर्वे किया, यह डॉ अरुण गुप्ता और डॉ सोनल गुप्ता का हॉस्पिटल है, यहां भी हॉस्पिटल की आय और भर्ती मरीजों की संख्या का ब्योरा लिया गया।
Leave a comment