यूपीलीक्स…शादी में फेरों के समय दूल्हे के इस शौक ने दुल्हन को दिलाया गुस्सा. वापस लौटी बारात…
यूपी में दुल्हन के बिना बारात वापस लौटने का मामला सामने आया है. उन्नाव में शादी के दौरान दूल्हे की हरकत से नाराज दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया. लाख समझाने के बाद भी दुल्हन नही मानी जिसके बाद दोनों पक्षों को बैठाकर समझौता कराया गया और शादी की रस्में हुए बिना ही बारात वापस लौट गई.
ये है मामला
मामला उन्नाव के सदर तहसील क्षेत्र का है. यहां की रहने वाली एक युवती की शादी के लिए कानपुर से बारात आई थी. रात में फेरों की रस्म शुरू होने वाली थी कि तभी दुल्हन ने दूल्हे को सिगरेट पीते हुए देख लिया. यह देखते ही दुल्हन गुस्सा हो गई और उसने शादी करने से इनकार कर दिया. दुल्हन के शादी करने से इनकार करने पर वहां हड़कंप मच गया. कन्या और वर पक्ष में भी विवाद हो गया. दोनों पक्ष के संभ्रांत लोगों ने मामले में समझौता कराने का प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनी. सूचना पर पुलिस भी मौके पर आ गई.

पुलिस ने भी शादी कराने की कोशिश की, लेकिन दुल्हन के न मानने पर वह भी खामोश हो गई. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच हुए खर्च का आपस में लेनदेन कर समझौता किया गया. हालांकि चर्चा इस बात की भी है कि दूल्हे के सिगरेट पीने के साथ ही वर पक्ष द्वारा चढ़ावे में पुराने जेवर लाए गए थे जिसकी वजह से मनमुटाव हो गया.