आगरालीक्स…आगरा में ज्येष्ठ की चिलचिलाती धूप-गर्मी बढ़ती जा रही है। ऐसे में मंदिरों में भगवान की पोशाक, श्रंगार, भोग में बदलाव। केवड़ा, गुलाब, मोगरा के फूलों का श्रंगार।
खाटू श्याम मंदिर में चंदन का लेप

आगरा के प्रमुख मंदिरों में मौसम के मुताबिक परिवर्तन किया गया है। गर्मी के असर को देखते हुए खाटू श्याम मंदिर जीवनी मंडी के अनिल मित्तल के मुताबिक भगवान को चंदन का लेप लगाया जा रहा है। पीने का पानी के लिए सुराही रखी गई है। एसी और पंखा निरंतर चलता रहता है।
माता रानी को लगाया जाता खस का इत्र
कामख्या मंदिर के पं. अमित शर्मा ने बताया कि गर्मियों में माता रानी की पोशाक सूती कपड़ों की रहती है। खस का इत्र लगाया जाता है। कूलर-पंखे की व्यवस्था के साथ पीने के ठंडे पानी के लिए मटके-सुराही की व्यवस्था की गई है। फूल बंगलों में सफेद फूलों की संख्या बढ़ाई गई है।
प्रमुख मंदिरों में भी किए गए विशेष इंतजाम
आगरा के अन्य प्रमुख कैलाश महादेव मंदिर श्री मनःकामेश्वर महादेव मंदिर, रावली महादेव मंदिर, सिद्ध विनायक (गणेश) मंदिर गोकुलपुरा समेत सभी प्रमुख मंदिरों में भगवान के लिए गर्मियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
श्रद्धालु भी ला रहे शीतल पदार्थों के भोग
श्रद्धालु भी भगवान का भोग लगाने के लिए श्रीखंड, सत्तू, लस्सी, आमरस, गन्ने का रस, छाछ जैसे पदार्थों को लेकर आ रहे हैं।