आगरालीक्स…आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक बनेंगे 15 मेट्रो स्टेशन. पूरे एमजी रोड से होकर गुजरेगी मेट्रो. फतेहाबाद रोड की तरह एमजी रोड भी होगा खूबसूरत…
आगरा मेट्रो ने फतेहाबाद रोड का लुक पूरी तरह से बदलकर रख दिया है. मेट्रो के पिलर लगने और उस पर मेट्रो का ट्रैक और स्टेशन तैयार हो गए हैं. ऐसे में यहां से गुजरने वाले लोगों को फतेहाबाद रोड बहुत अच्छा लग रहा है. होटल अमर से लेकर सेल्फी प्वाइंट तक का पूरा रास्ता सुंदर हो गया है और इसका सबसे बड़ा कारण है मेट्रो का निर्माण. एमजी रोड पर भी एलिवेटेड मेट्रो का पूरा रूट जाएगा. कैंट स्टेशन से लेकर पूरे एमजी रोड होते हुए मेट्रो का यह रूट रामबाग होते हुए कालिंदी विहार जाएगा.
यूपीएमआरसी द्वारा आगरा मेट्रो के दूसरे कॉरिडोर में लोगों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए सिंगल पिलर तकनीक के जरिए ऐलिवेटिड स्टेशनों का निर्माण करने को लेकर विचार किया जा रहा है. इस तकनीक के जरिए मीडियन में पिलर का निर्माण कर ऐलिवेटिड स्टेशनों का निर्माण किया जा सकेगा. बता दें कि शहर की लाइफलाइन कहे जाने वाले एमजी रोड से होते हुए दूसरे कॉरिडोर के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है. पारंपरिक तौर पर तीन ग्रिड में पिलर का निर्माण कर ऐलिवेटिड मेट्रो स्टेशनों का निर्माण किया जाता है. इस तकनीक में पहले तीन ग्रिड में स्टेशन के आकार के अनुसार पिलर का निर्माण किया जाता है. इसके बाद प्रत्येक ग्रिड में हॉरिजोंटल बीम का निर्माण कर कॉनकोर्स एवं उसके प्लेटफॉर्म लेवल का निर्माण किया जाता है. (यूपी मेट्रो द्वारा कॉन्कोर्स निर्माण के लिए डबल टी गर्डर का प्रयोग किया जाता है). वहीं, सिंगल पिलर तकनीक में एक ग्रिड (मध्य ग्रिड) में ही पिलर्स का निर्माण कर स्टेशन तैयार किया जाता है.
सिंगल पिलर तकनीक के स्टेशन निर्माण हेतु पिलर के सबसे ऊपरी हिस्से में ज्यादा लंबी बीम लगाई जाती है, जो कोनकोर्स और प्लेटफॉर्म, दोनों के ढांचे को दोनों तरफ से सहारा देने में सक्षम होती है. भीड़भाड़ वाले इलाकों में यह तकनीक बेहद कारगर रहती है, क्योंकि इस तकनीक के प्रयोग से न सिर्फ कम जगह में आसानी से निर्माण होता है बल्कि इससे ट्रैफिक भी कम प्रभावित होता है. इसके साथ ही भविष्य में यदि सड़क चौड़ीकरण कार्य में भी कोई बाधा नहीं आती है एवं कॉरिडोर भी बेहद आकर्षक दिखता है. बता दें कि आगरा कैंट से कालिंदी विहार के बीच बनने वाले दूसरे कॉरिडोर में कुल 15 ऐलिवेटिड स्टेशनों का निर्माण किया जाना है. इस कॉरिडोर की मदद से यमुनापार क्षेत्र के निवासी आसानी से आगरा कैंट रेलवे स्टेशन सहित शहर अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर आ जा सकेंगे. इस कॉरिडोर में निम्न मेट्रो स्टेशन होंगे-
- आगरा कैंट
- सदर बाजार
- प्रतापपुरा
- कलैक्ट्रेट ( फ्यूचर स्टेशन- सुभाष पार्क)
- आगरा कॉलेज
- हरीपर्वत
- संजय प्लेस
- एमजी रोड
- सुलतानगंज
- कमला नगर
- रामबाग
- फाउंड्री नगर
- आगरा मंडी
- कालिंदी विहार
