आगरालीक्स…मौत को मात का लाइव वीडियो देखें…ट्रैक पर बेहोश होकर गिरी महिला, ऊपर से गुजर गई ट्रेन…
कासगंज के सहावर गेट रेलवे फाटक से मौत को मात देने का लाइव वीडियो सामने आया है. रेलवे फाटक से गुजर रही एक महिला अचानक बेहोश होकर बीच पटरियों पर गिर जाती है. तभी वहां मालगाड़ी आ जाती है और वह पूरी महिला के ऊपर से होकर निकल जाती है. बाद में लोग जब वहां पहुंचे और महिला को हिलाया तब उसे होश आया. गिरने के कारण महिला को कमर में मामूली चोटें आई हैं. सूचना पर पहुंचे परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए. लेकिन मौत को मात देने का यह वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

ये है पूरा मामला
सलावर गेट पार आर्य नगर में लोकेंद्र देव आर्य परिवार के साथ रहते हैं. परिजनों के अनुसार लोकेंद्र की पत्नी हरप्यारी की दाड़ में सुबह से दर्द हो रहा था. दोपहर को करीब एक बजे वह बिना किसी को घर पर बताए दवा लेने के लिए बाजार की ओर चल दीं. सहावर गेट रेवले फाटक पार करते समय वह अचानक बीच पटरियों पर चक्कर आकर गिर गईं और बेहोश हो गईं. इससे पहले कि वहां मौजूद लोग उसे बचाने के लिए पहुंचते तभी वहां मालगाड़ी आ गई और वह महिला के ऊपर से होकर गुजरने लगी. यह देखकर वहां मौजूद लोगों के हाथ-पैर फूल गए. जब मालगाड़ी पूरी गुजर गई तब लोग दौड़कर महिला के पास पहुंचे तो वह बेहोश मिली. जब महिला को हिलाया तो उसे होश आ गया.
सूचना पर जीआरपी भी मौके पर पहुंच गई. पूछने पर हरप्यारी ने अपना पता और पति का मोबाइल नंबर दिया. जिसके बाद उसके परिजन वहां आए और उसे साथ ले गए. हरप्यारी की कमर में चोट आई है जो कि उसे गिरने से लगी थी. मालगाड़ी से उसे कोई क्षति नहीं पहुंची है. महिला को सुरक्षित देख वहां लोग भगवान का शुक्र गुजार करते हुए नजर आए.