आगरालीक्स…बूढ़ी आंखों से आंसू बनकर झलका दर्द, रोटरी ग्रेस ने विधवा आश्रम में सिसक रहीं माताओं कीं व्यथा सुनी…
रोटरी क्लब आगरा ग्रेस ने बुजुर्ग एवं विधवा माताओं के साथ समय बिताया। शाम 4.30 बजे घटिया आजम खां स्थित डेस्टिट्यूट विधवा आश्रम पहुंच यहां रह रहीं बुजुर्ग माताओं को गले लगाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। क्लब कीं अध्यक्ष डॉ नीलम मेहरोत्रा ने कहा कि कई ऐसी माताएं हैं जिनकी जिंदगी विधवाश्रम में अपने बच्चों से दूर कट रही है। उनकी बेबसी साफ नजर आती है। इसलिए हम सब आज यहां आए और इनके साथ एक परिवार की तरह वक्त गुजारा। उनकी व्यथा सुनीं। कई कहानियां काफी दर्द देती हैं। सचिव शीनू कोहली ने बताया कि सभी सदस्य अपने साथ उपहार लेकर पहुंचीं। बुजुर्ग माताओं को अपनेपन का अहसास कराया। उनके सूने जीवन में खुशियां भरने की कोशिश की। खानपान और दैनिक जरूरतों की चीजें भेंट कीं। हैल्थ चैकअप किया। डॉ सुषमा गुप्ता की देखरेख में हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर जांचें की गईं। जरूरत के अनुसार निशुल्क दवाएं प्रदान कीं।
क्लब की फाइंडर प्रेसिडेंट डॉ जयदीप मल्होत्रा ने उन्हें बताया कि उम्र के इस पड़ाव पर और अकेले रहते हुए उन्हें खुद की और एक दूसरे की देखभाल कैसे करनी है। स्वास्थ्य के प्रति सजग कैसे रहना है, बीमारी से कैसे बचाव करना है। फाउंडर सचिव आशु मित्तल ने अपील की कोई भी अपने माता पिता को इन हालातों में न पहुंचने दे जिन हालातों में आज ये बुजुर्ग माताएं हैं। इस अवसर पर नूतन बजाज, रुचि अग्रवाल, मीनाक्षी मोहन, सीमा सिंघल, रुनू दत्ता, डॉ परिणीता बंसल, रिमिता अग्रवाल पूजा बंसल आदि मौजूद थीं।