आगरालीक्स… आगरा की फूलबानो से उसके पति ने तलाक, तलाक, तलाक कहकर नाता तोड दिया, उसके एक बेटा है, पति के घर से निकालने के बाद वह बूढे मां बाप के घर आ गई। गुरुवार को फूलबानो ने एसएसपी से शिकायत की, इसमें उसने पति पर दहेज में बाइक न देने, मारपीट करने के बाद तीन तलाक देकर रिश्ता तोडने के आरोप लगाए हैं। ताजगंज थाना पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं।
जैतपुर निवासी फूलबानो की शादी चार मई 2008 को डौकी के गांव कुंडौल निवासी आसीन अली से हुई थी। आसीन बिजली मिस्त्री है। फूलबानो का कहना है कि एक साल तक तो ससुरालियों ने उसे ठीक रखा। गर्भवती होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया। डाक्टर ने आपरेशन से डिलीवरी की बात कही। पैसा खर्च न करना पड़े इसलिए उसे अस्पताल में छोड़कर चले गए। इसकी जानकारी पर फूलबानो के घरवाले आ गए। उन्होंने इलाज का खर्च उठाया। उसके बेटा पैदा हुआ।
आरोप है कि बेटे को देखने भी आसीन नहीं आया। इस पर घरवाले फूलबानो को मायके ले गए। चार साल तक पति के नहीं आने पर न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट फतेहाबाद के यहां वाद दायर कर दिया। पिछले दिनों समझौते के बाद आसीन फूलबानो को घर ले जाने के लिए राजी हो गया।
घर ले जाकर दिया तलाल
आठ जनवरी को उसे घर ले गया। घर लेकर जाकर उसने उत्पीड़न शुरू कर दिया। घर न ले जाकर ताजगंज के अब्बास नगर मेें किराये पर रहा। पत्नी और बेटे को खाने के लिए कुछ नहीं देता था। घर से काम पर जाते वक्त किचिन पर ताला लगाकर जाता था। फिर से दहेज में बाइक की मांग करने लगे। बदसलूकी की। 11 अप्रैल को मारपीट कर पड़ोस में भाई के घर पर छोड़ गया। तीन बार तलाक भी बोल दिया। पीड़िता यूथ इंडियन संस्था के पदाधिकारियों के साथ गुरुवार को एसएसपी डा. प्रीतिंदर सिंह से मिली। एसएसपी ने पुलिस को कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
पुलिस अधिकारियों के पास पहुंचे
यूथ इंडियन के पदाधिकारियों का कहना है कि पीड़िता को लेकर वह थाना ताजगंज की नीतिबाग पुलिस चौकी पर गए, लेकिन पुलिस ने सुनवाई नहीं की। तहरीर ले ली। इसके बाद जांच की बात कहकर घर भेज दिया। पुलिस कार्रवाई नहीं करती है तो वह पीड़िता के साथ कलक्ट्रेट पर धरना भी देंगे।
इंटरनेट फोटो
Leave a comment