आगरालीक्स…आगरा में बरसाती बीमारियां बढ़ने लगी हैं. घर—घर जाकर कूलर चेक करेंगी टीमें. साफ पानी में मिलता है डेंगू का लावा. अगर मिला तो होगी ये कार्रवाई
बरसात के मौसम फैलने वाले संचारी रोगों पर नियंत्रण को युद्धस्तर प्रयास शुरु कर दिये गये हैं। इसको लेकर आज शुक्रवार को स्मार्ट सिटी सभागार में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए अपर नगर आयुक्त सुरेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि बरसात के मौसम में नगर में संक्रामक रोग न फैलें इसके लिए नियमित एंटी लार्वा का छिड़काव और फॉगिग कराई जाए। इसके अलावा नालियों की डी सिल्टिंग के साथ ही सफाई कर्मियों की टीम बनाकर मौहल्ला वाइज घर घर जाकर कूलरों को चेक कराया जाए। उन्होंने कहा कि डेंगू का लार्वा गंदे पानी में नहीं बल्कि साफ पानी में पनपता है। अतः कूलरों का पानी नियमित बदलते रहें। चेकिंग के दौरान अगर किसी भी घर के कूलर या अन्य पानी के स्त्रोत के में डेंगू का लार्वा पाया जाता है तो उसके खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
अपर नगर आयुक्त ने शहर के सभी पैथोलॉजी संचालकों को निर्देश दिये हैं कि डेंगू की जांच ठीक तरीके से करें बेवजह पैनिक न फैलाएं। अगर किसी मरीज की रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि होती है तो उससे सीएमओ को अवगत कराएं। इस अवसर पर जिला मलेरिया अधिकारी राजेश कुमार ने एंटी लार्वा छिड़काव और फॉगिंग के लिए किस प्रकार से कितनी मात्रा में केमिकल यूज किया जाए की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दवाओं के सही मिश्रण न होने पर ये बेअसर साबित हो सकती है। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त सुरेंद्र प्रसाद यादव के अलावा मुख्य चिकित्साधिकारी अरुण कुमार श्रीवास्तव,नगर स्वास्थ्य अधिकारी डाक्टर संजीव वर्मा, जेएसओ राजीव बालियान , सीएसएफआई, एसएफआई के अलावा डव्ल्यूएचओ और यूनिसेफ के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने जनता से अपील की है कि बरसात में संचारी रोगों से बचाव के लिए जरुरी एहतियात बरतें। कूलर और आसपास पड़े टायर और जलभराव के स्त्रोतों में पानी को एकत्रित न होने दें।