आगरालीक्स… आगरा में सिपाही की हत्या में मुख्य आरोपी के साथ पुलिस की मुठभेड हुई, पुलिस ने मुख्य आरोपी जफर को दबोच लिया, उसके पैर में गोली लगी है। आईजी ने मुख्य आरोपी पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
29 जुलाई को आगरा के एत्माद्दौला के प्रकाशपुरम में चोरी के इरादे से घूम रहे चार बदमाशों को सिपाही सतीश यादव और कुलदीप ने घेर लिया था। सतीश ने एक बदमाश को दबोच लिया था। बदमाश के दो साथियों ने सिपाही सतीश की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद बदमाश प्रकाशपुरम में होकर भाग निकले थे। पुलिस ने आठ अगस्त को कालिंदी विहार 80 फुटा रोड पर तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया था। गिरफ्तार बदमाशों में सलमान उर्फ लल्ला, राहुल और श्यामवीर उर्फ सरिया थे। वहीं गिरोह का सरगना जफर उर्फ सोनू भाग गया था। बताया गया है कि सिपाही सतीश को जफर और सलमान ने ही गोली मारी थी।
झरना नाले के पास मुठभेड
जफर आगरा के बोदला का रहने वाला है। घटना के बाद से ही वह भागा हुआ था। शनिवार शाम को आगरा के यमुनापार में झरना नाला के पास पुलिस ने मुठभेड़ के बाद जफर को गिरफ्तार कर लिया। मौके पर 10-12 राउंड फायरिंग हुई।