आगरालीक्स…आगरा के लोगों का आतंकवाद के खिलाफ फूटा गुस्सा…महिलाओं ने निकाला पैदल मार्च तो स्केट्स पर सवार होकर बच्चों ने दिया आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता का संदेश..
विश्व सनातन ट्रस्ट की महिलाओं ने पैदल मार्च कर जताया आक्रोश
विश्व सनातन ट्रस्ट की ओर से कमला नगर स्थित कर्मयोगी फुब्बरा से पूरे कर्मयोगी क्षेत्र में रविवार को पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर आक्रोशित महिलाओं ने जलूस निकाला। राष्ट्रीय अध्यक्ष आकाश शर्मा ने कहा कि आतंकवादियों का कोई धर्म नहीं होता। हमारा पूरा देश इस घटना से दुखी है। आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए महिलाओं ने एकत्रित होकर पाकिस्तान मुरादाबाद और हिंदुस्तान जिन्दाबाद के नारे के साथ प्रदर्शन किया। हाथों में तिरंगा और तख्तियां लेकर आतंकवाद के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कर्मयोगी क्षेत्र में पैदल मार्च किया। सचिव रेखा शर्मा ने कहा कि ‘यह न केवल एक आतंकी हमला है, बल्कि पूरी इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना है। ब्रजधाम पार्क पहुंच कर उपस्थित महिलाओं ने दो मिनट का मौन रखकर शोक जताया और मोमबत्तियां जलाकर मृतकों को श्रद्धा सुमन अर्पित की । सभी ने एक स्वर में घटना की कड़ी निंदा की। इस अवसर पर प्रेमलता शर्मा, गीता शर्मा, बबीता शर्मा, अर्चना गुप्ता, माधुरी मिश्रा, अम्बे गुप्ता, चेताली शर्मा, नीलम गुलाटी, अंशिका गुप्ता, रश्मि सिंघल, दिव्या, जानवी, रेनू आदि मौजूद रहे।
स्केट्स रैली में बच्चों और अभिभावकों ने दिया एकजुटता का संदेश
आशीष स्पोर्ट्स अकादमी के तत्वावधान में रविवार को आदर्श नगर बल्केश्वर से कमला नगर श्रीराम चौक तक एक भव्य स्केट्स रैली का आयोजन किया गया। यह रैली हाल ही में पहलगाम (कश्मीर) में आतंकियों द्वारा किए गए निर्दोष नागरिकों के नरसंहार के विरोध में आयोजित की गई थी। रैली में करीब 100 स्केटर्स बच्चों ने अपने अभिभावकों के साथ भाग लिया। बच्चों के हाथों में आतंकवाद के विरोध में जागरूकता बढ़ाने वाले स्लोगन वाली तख्तियां थीं। पूरे मार्ग में “आतंकवाद मुर्दाबाद”, “शांति का संदेश फैलाओ”, जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा।
आयोजन के दौरान आशीष स्पोर्ट्स अकादमी के निदेशक आशीष सिंघल ने कहा कि आतंकवाद मानवता के खिलाफ सबसे बड़ा अपराध है। हमें बच्चों में शुरू से ही शांति, भाईचारे और सहिष्णुता के संस्कार डालने चाहिए। आज की यह रैली आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता और जागरूकता का प्रतीक है।