आगरालीक्स …Agra News: आगरा में दिनदहाड़े ज्वैलर की लूट के बाद हत्या करने वाले बदमाशों का अंदाज प्रोफेशनल था, एक नई दिशा और मिली, दो नहीं तीन बदमाश थे, कई बिंदुओं पर पुलिस जांच में जुटी है। ( Agra Jeweller Loot & Murder Update: No Clue of Robbers, May be outside from Agra)
आगरा में 2 मई की सुबह 11.40 बजे कारगिल पेट्रोल पंप के पास सिकंदरा बोदला रोड पर नकाबपोश दो बदमाशों ने बालाजी ज्वैलर्स से 20 लाख के सोने और चांदी के आभूषण पिस्टल की नोंक पर लूटने के बाद संचालक योगेश चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद बाइक से फरार हो गए। पुलिस ने 500 से अधिक सीसीटीवी चेक किए। इसमें शास्त्रीपुरम से आगे बाइक पर तीसरा बदमाश बैठा था, तीनों बाइक से फरार हो गए। वारदात में तीन बदमाश शामिल थे।
वारदात करने का शातिर अंदाज
जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया गया, इससे पुलिस को लग रहा है कि बदमाश प्रोफेशनल थे। ज्वैलरी को लूट कर बाहर निकलते समय उन्हें स्कूटी से उतरते हुए ज्वैलर योगेश चौधरी दिखाई दिए, योगेश चौधरी आगे की तरफ बढ़े इसी दौरान उन्हें बदमाशों ने गोली मार दी और सामान्य तरीके से ही वहां से बाइक से बैठकर चले गए। कोई हड़बड़ाहट नहीं की।
पूर्व कर्मचारियों और परिचितों से पूछताछ
पुलिस ने बालाजी ज्वैलर्स और उनके बेटे द्वारा संचालित रेस्टोरेंट पर काम करने वाले पूर्व कर्मचारियों से भी पूछताछ की है, परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही बदमाशों के हुलिया एप पर भी अपलोड किए गए हैं जिससे बदमाश शहर से बाहर के हैं तो उनका भी पता चल सके।
व्यापारियों में आक्रोश, उठावनी में खुलासे की मांग
रविवार को ज्वैलर योगेश चौधरी की उठावनी थी, व्यापारियों ने खुलासा ना होने पर आक्रोश जताया है और सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। जल्द खुलासा करने की मांग की है।