आगरालीक्स…भारत—पाकिस्तान के बीच सीजफायर का ऐलान. सरकार का सख्त संदेश—भविष्य में आतंकवादी कृत्य हुआ तो युद्ध माना जाएगा…
भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले कई दिनों से बने युद्ध के हालात पर अब विराम लग गया है. दोनों देशों ने सीजफायर का ऐलान किया है. विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा, "पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशक (DGMO) ने शनिवार दोपहर 15:35 बजे भारतीय DGMO को फोन किया। उनके बीच यह सहमति बनी कि दोनों पक्ष भारतीय मानक समयानुसार शाम 5 बजे से ज़मीन, हवा और समुद्र में सभी तरह की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई बंद कर देंगे। आज दोनों पक्षों को इस सहमति को लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। सैन्य संचालन महानिदेशक 12 मई को दोपहर 12 बजे फिर से बात करेंगे।"
भारत का सख्त संदेश
सीजफायर के ऐलान के समय ही भारत सरकार की ओर से सख्त संदेश दिया गया है. भारत की ओर से कहा गया है कि भविष्य में अब यदि आतंकवादी कृत्य होता है तो वह युद्ध ही माना जाएगा.
शुक्रवार रात से पाकिस्तान के हमलों के खिलाफ भारत की कार्रवाई से पाकिस्तान बैकफुट पर आ गया. पाकिस्तान के चार एयरवेज को बहुत नुकसान पहुंचा है. इसके बाद पाकिस्तान के डीजीएमओ ने बातचीत की पहल की. इसके बाद दोनों देशों के बीच चर्चा हुई और सीजफायर की सहमति बनी. किसी अन्य मुद्दे पर किसी अन्य स्थान पर बातचीत करने का कोई निर्णय नहीं हुआ है. शनिवार शाम पांच बजे से सीजफायर का ऐलान कर दिया गया है.
ट्रम्प ने कहा—रातभर समझाने के बाद भारत—पाकिस्तान हुए तैयार
इधर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि रातभर भारत और पाकिस्तान के शीर्ष अधिकारियों को समझाया गया जिसके बाद दोनों देश सीजफायर के लिए राजी हुए. यह एक समझदारी भरा फैसला है.