आगरालीक्स…आगरा में आरोग्यदायिनी स्वास्थ्य की माता वेलांकनी के वार्षिक समारोह पर चर्च में हुईं विशेष प्रार्थनाएं
माता मरियम आज भी ईसाई समाज में कुँवारी माता के रूप में पूजी जाती हैं। रोमन कैथोलिक समाज द्वारा रविवार को आरोग्यदायिनी स्वास्थ्य की माता वेलांकनी की प्रतिमा स्थापना की 21वीं वर्षगांठ बड़े ही भक्ति, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। यह कार्यक्रम श्री ऑब्री नाडर के प्रार्थनालय भवन, 195 ए, वेस्ट अर्जुन नगर, निकट रेलवे लाइन, हीरालाल की बगीची, आगरा में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना सभा एवं रोज़री माला विनती से हुई। श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों के माध्यम से माता मरियम के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इस अवसर पर फादर वर्गीज़ कुनाथ, सिस्टर्स एवं बड़ी संख्या में विश्वासीजनों ने भाग लिया।
फादर वर्गीज़ कुनाथ ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि “माँ हमारे जीवन में एक विशेष स्थान रखती हैं। माँ हमें सदाचरण का पालन करने और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। प्रभु ईसा की माता — मदर मैरी (माता मरियम) भी अपने विश्वासीजनों को सन्मार्ग पर चलने का संदेश देती हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि “आरोग्यदायिनी स्वास्थ्य की माता वेलांकनी” (मद्रास) की पवित्र प्रतिमा के सम्मान में यह प्रार्थना सभा विश्वास, शांति और भाईचारे का प्रतीक है। श्री जूड नाडर ने बताया कि इस 21वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित इस विशेष प्रार्थना सभा एवं माला विनती समारोह में नगर के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग दो सौ श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
प्रार्थना सभा के दौरान श्रद्धालुओं ने हाथों में जलती मोमबत्तियाँ लेकर माला जपते और भजन गाते हुए शांति, एकता और भाईचारे की मनोकामनाएँ कीं। श्रीमती मार्गरेट नाडर एवं श्री ऑब्री नाडर ने बताया कि लगभग चार सौ वर्ष पूर्व मद्रास के वेलांकनी गाँव में माता मरियम ने दर्शन देते हुए अनेकों लोगों को असाध्य रोगों से मुक्ति दिलाई थी। तभी से यह स्थान एक प्रसिद्ध तीर्थस्थल के रूप में विकसित हुआ, जहाँ आज भी विश्वासी आरोग्यदायिनी माता वेलांकनी के रूप में उनकी आराधना करते हैं।
जो विश्वासी वहाँ नहीं जा पाते, उनके लिए यहाँ पर हर वर्ष विशेष प्रार्थना सभा एवं शोभायात्रा का आयोजन किया जाता है। श्रद्धालुओं ने माता के भक्ति गीतों को अपनी मधुर आवाज़ में गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। विश्वासीजनों ने प्रतिमा के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। प्रतिमा दर्शनार्थ प्रतिदिन खुली रहेगी। इस अवसर पर श्रीमती रूबी नाडर एवं क्रिश्चियन समाज सेवा सोसाइटी के अध्यक्ष श्री डेनिस सिलवेरा ने सभी श्रद्धालुओं को आरोग्यदायिनी माता वेलांकनी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।