आगरालीक्स…आगरा में गुरु गोबिंद सिंह जी की चरण पादुका और वस्त्रों के दर्शन को उमड़ा जन सैलाब. दिल्ली से शरू होकर पटना साहिब बिहार के लिए जाएगी गुरु चरण यात्रा
दसवीं पातशाही पिता श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज और खालसा पंथ की माता साहिब कौर जी के वस्त्र व जोड़े लेकर दिल्ली के गुरुद्वारा मोती बाग से शुरू हुई गुरु चरण यात्रा देर शाम गुरुद्वारा गुरु का ताल पहुंची ।गुरुद्वारा गुरु का ताल पहुंचने पर यात्रा का बहुत ही शानदार स्वागत किया गया। पुष्प वर्षा के साथ-साथ रंग बिरंगी आतिशबाजी स्वागत को और भी विशालता व भव्यता दे रही थी। दिल्ली से चलकर यह विशेष गुरु चरण यात्रा पटना साहिब के लिए जा रही है। गुरुचरण यात्रा में गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज की पालकी के साथ-साथ दसवीं पातशाही श्री गुरु गोविंद सिंह जी व माता साहिब कौर जी के वस्त्र व जोड़े भी इस यात्रा में विशेष तौर पर आ रहे हैं ।इन वस्त्रों व जोड़ो के दर्शनों के लिए भी एक कांच की बनीआकर्षक पालकी यात्रा में शामिल रही। गुरुद्वारा गुरु का ताल के मौजूदा मुखी संत बाबा प्रीतम सिंह जी गुरुद्वारे के समूह सेवक जत्थे के साथ यात्रा के स्वागत के लिए फरह स्थित टोल प्लाजा पर पहुंचे। यहां से गुरुचरण यात्रा को भव्य स्वागत के साथ गुरुद्वारा गुरु का ताल लाया गया ।
यात्रा में आए गुरु महाराज के स्वरूप को गुरुद्वारा गुरु का ताल की ओर से एक सुंदर पालकी में विराजमान कर गुरुद्वारा मंजी साहब ले जाया गया जहां महाराज का सुखासन हुआ। संत बाबा प्रीतम सिंह जी ने बताया कि केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का परिवार विगत कई दशकों से इन वस्त्रों व जोड़ों की सेवा संभाल करता आ रहा था ।अब उन्होंने इन्हें संगत के दर्शनों के लिए समर्पित करने का निर्णय लिया है लिहाजा गुरु साहिब की इन निशानियां को दिल्ली से पटना साहिब बिहार ले जाया जा रहा है ।जहां श्री हरमंदिर साहिब पटना साहिब गुरुद्वारे में यह सुशोभित होंगे और संगत इनके दर्शन कर सकेगी।
गुरुद्वारा गुरु का ताल के मीडिया प्रभारी जसबीर सिंह जस्सी ने बताया कि दिल्ली से शुरू हुई यह गुरुचरण यात्रा 9 दिन की यात्रा के बाद पटना साहिब बिहार पहुंचेगी इस दौरान यात्रा एटा कासगंज बदायूं बरेली लखनऊ कानपुर प्रयागराजसमेत प्रदेश के विभिन्न जिलों में भ्रमण करते हुए बिहार में प्रवेश करेगी और 31 अक्टूबर को पटना साहिब जाकर समाप्त होगी।