आगरालीक्स…आगरा में विवि के बाद आगरा कॉलेज के शिक्षक पर शोध छात्रा ने लगाया यौन उत्पीड़न का आरोप. मंडलायुक्त ने मांगी रिपोर्ट
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि के प्रोफेसर पर रिसर्च स्कॉलर द्वारा लगाए गए शारीरिक शोषण के आरोपों के बाद अब आगरा कॉलेज के शिक्षक पर भी यौन उत्पीड़न की शिकायत का मामला सामने आया है. इतिहास विभाग के शिक्षक के खिलाफ कॉलेज की शोध छात्रा ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है और इसकी शिकायत की गई है. बुधवार को मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार ने आगरा कॉलेज प्रबंध समिति की बैठक में इस मामले को सामने लाया गया जिस पर आयुक्त द्वारा निर्देश दिए गये कि आंतरिक शिकायत समिति द्वारा जांच कार्यवाही पूर्ण करने के उपरांत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए.
शिक्षकों की कमी पर होगी अतिथि प्रवक्ता की नियुक्ति
बैठक में काॅलेज प्राचार्य डाॅ चित्र कुमार गौतम द्वारा कार्य सूची प्रस्तुत की गयी. बैठक में दर्शन शास्त्र विभाग में कार्यरत शिक्षक डाॅ0 राजीव द्विवेदी को कैंसर हो जाने के कारण अध्यापन में असमर्थ होने पर तथा सैन्य अध्ययन विभाग में शिक्षकों की कमी के कारण शिक्षण कार्य हेतु एक-एक अतिथि प्रवक्ता की नियुक्ति किए जाने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गयी.
स्ववित्त पोषित पाठ्यक्रमों में शिक्षकों की होगी वेतन वृद्धि
आगरा काॅलेज आगरा में संचालित अन्य स्ववित्त पोषित पाठ्यक्रमों में कार्यरत शिक्षकों व कर्मचारियों के वेतन में 10 प्रतिशत बढ़ोत्तरी के अनुमोदन पर विचार किया गया. वित्तीय आंकलन के आधार पर जिन पाठ्यक्रमों में आय हानि में नहीं है केवल उन्हीं पाठ्यक्रमों से जुड़े शिक्षकों व कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि किए जाने के निर्देश देते हुए प्रस्ताव को आयुक्त महोदय द्वारा अनुमोदित किया गया.
स्थायीकरण के प्रस्ताव को स्वीकृति
आगरा काॅलेज के अर्थ शास्त्र विभाग में नियुक्त शिक्षक डाॅ0 अनूप सिंह और संगीत विभाग से डाॅ0 नागेन्द्र मिश्र की परिवीक्षा अवधि पूर्ण होने के फलस्वरूप उनके स्थायीकरण किए जाने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गयी. चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी योगेश कुमार के परिवीक्षा काल पूर्ण पर इनके स्थायीकरण सम्बन्धित आवेदन को भी अनुमोदित किया गया. फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एण्ड टेक्नोलाॅजी, आगरा काॅलेज आगरा में प्रक्रियानुसार चयनित शिक्षक के अनुमोदन प्रकरण को आयुक्त द्वारा स्वीकृति दी गयी. आगरा काॅलेज से बीडीएमएम गर्ल्स डिग्री काॅलेज, शिकोहाबाद में नियुक्त प्राचार्या प्रो0 गीता यादवेन्दु को असाधारण अवैतनिक अवकाश के प्रावधान के तहत दो वर्ष का अवकाश प्रदान किए जाने से संबधित प्रस्ताव को स्वीकृति दी गयी.
बैठक में जिलाधिकारी अरविन्द मलप्पा बंगारी, काॅलेज प्राचार्य चित्र कुमार गौतम, शिक्षक प्रतिनिधि के रूप में प्रो0 मृणाल शर्मा, प्रो0 जयश्री भारद्वाज, प्रो0 रीता देव राजेश कुमार शिक्षणेत्तर कर्मचारी प्रतिनिधि आदि मौजूद रहे।