आगरालीक्स…आगरा में 50 फीट गहरे कुएं में गिरा मासूम रिहांश का अभी तक नहीं पता. अब सेना भी रेस्क्यू के लिए पहुंची…कुएं से पानी निकालने का क्रम भी जारी
आगरा के किरावली थाना क्षेत्र के गांव बाकंदा खास में शुक्रवार सुबह 11 बजे कुएं में गिरे बच्चे का शनिवार शाम तक पता नहीं चल सका है. शुक्रवार रात 9 बजे तक रेस्क्यू चला. इसके बाद आज सुबह से भी कुएं के अंदर से बच्चे की तलाश जारी है. पंप सेटों के जरिए कुएं से पानी निकाला जा रहा है. एसडीआरएफ के बाद शाम को सेना भी रेस्क्यू के लिए पहुंच गई है. समाचार लिखे जाने तक रेस्क्यू जारी था लेकिन बच्चे का कुछ पता नहीं चल सका है.
ये है मामला
बाकंदा खास में किसान रामगोपाल रहते हैं. इन्होंने खेत में आलू की फसल की है. शुक्रवार सुबह 11 बजे वह खेत पर काम करने के लिए आए थे, साथ ही उनका छोटा बेटा पांच साल का रिहांश उर्फ सत्तू भी आ गया. रामगोपाल खेत में काम कर रहे थे तभी रिहांश खेलते—खेलते दूसरे खेत में बने कुएं के पास पहुंच गया. यहां रिहांश का पैर फिसल गया और कुएं में गिर गया. पिता की ये देखते ही चीख निकल गई. परिवार में कोहराम मच गया. सूचना पर काफी संख्या में ग्रामीण खेत पर पहुंच गए और सभी अपनी—अपनी तरफ से प्रयास करने लगे. सूचना पर प्रशासन के अलावा नगर निगम की बचाव टीम भी पहुंच गई. पुलिस भी आ गई. पंप और ट्रैक्टरों की मदद से कुएं का पानी लगातार निकाला जा रहा है. कहा जा रहा है कि कुएं से पानी निकालने के बाद वह जवान नीचे उतरे लेकिन पानी फिर से ऊपर उफान मार रहा था. इस वजह से वह पानी में नहीं उतर पा रहे. तीन सबमर्सिबल चलाकर पानी निकालने का प्रयास जारी है.