आगरालीक्स…आगरा में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 साल पूरे होने पर कल होंगे भव्य अयोजन. देश भक्ति फिल्मों का होगा प्रदर्शन. रैली, प्रभात फेरी और मार्च पास्ट भी होंगे
राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम“ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भव्यतापूर्ण समारोह आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा उक्त समारोह पूरे प्रदेश में चार चरणों यथा- प्रथम चरण-दिनांक 07 से 14 नवम्बर, 2025 तक, द्वितीय चरण (गणतंत्र दिवस के कार्यक्रमों के साथ) दिनांक 19 से 26 जनवरी 2026 तक, तृतीय चरण (हर घर तिरंगा-2026 के साथ) दिनांक 07 से 15 अगस्त, 2026 तक और चौथा चरण (समापन समारोह)-दिनांक 01 से 07 नवम्बर, 2026 तक भव्य ढंग से मनाये जाने के निर्देश दिए गए हैं।
अपर जिलाधिकारी (प्रोटोकॉल) ने बताया है कि बेसिक/माध्यमिक/उच्च शिक्षा विभाग द्वारा ’वंदे मातरम् गीत के 150 वर्ष के अवसर पर दिनांक 07 नवम्बर, 2025 को समस्त स्कूलों/विद्यालयों में सामूहिक रूप से प्रातः 10ः00 बजे ’वंदे मातरम’ का गायन किया जाएगा तथा उसके ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व से विद्यार्थियों को अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमो का लाइव प्रसारण कराया जाएगा साथ ही जनपद में भी भव्य आयोजन सुनिश्चित की जायेगी एवं इस अवसर पर मा० मंत्रिगण, मा० सांसदगण, मा० विधायकगण तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों को ’मुख्य अतिथि’ के रूप में आमन्त्रित किया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी (प्रोटोकॉल) ने उच्च शिक्षा विभाग को निर्देशित किया है कि उच्च शिक्षा संस्थानों में वंदे मातरम् के राष्ट्रीय एकता एवं स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को लेकर विशेष रूप से सेमिनार, संगोष्ठी, परिचर्चा एवं लैक्चर आदि का आयोजन किया जाए, जिसमें युवाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि गृह विभाग द्वारा विभिन्न स्वतंत्रता संग्राम शहीद स्थलों/स्मारकों एवं अन्य युद्धों में शहीद हुए शहीदों के नाम से बनाए गए ’स्मारकों’ पर जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा ’वंदे मातरम् गीत के 150 वर्ष के अवसर पर वंदे मातरम् ध्वनि का वादन पी०ए०सी०, पुलिस, स्काउट गाइड आदि के बैण्ड द्वारा किया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी (प्रोटोकॉल) ने बताया है कि बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभागों द्वारा सभी सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों में इस अवसर पर प्रार्थना सभा के दौरान वंदे मातरम् का सामूहिक गायन कराया जाएगा। इस हेतु अधिसूचना जारी करते हुए विद्यार्थियों को ’वंदे मातरम’ गीत का इतिहास, अर्थ एवं इसके संदेश की विस्तृत व्याख्या की जाए। उन्होंने यह भी बताया है कि बेसिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में वंदे मातरम् थीम पर आधारित ’देश-भक्ति’ की फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा तथा स्कूलों में रैली/प्रभात फेरी/मार्च पास्ट के आयोजन कर ’वंदे मातरम’ के गान की धुन बजाई जाएगी तथा इसका संदेश जन-जन तक पहुँचाया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों में देशभक्ति पर आधारित रंगोली, प्रतियोगिताएं, निबन्ध लेखन प्रतियोगिताएं, काव्य पाठ प्रतियोगिताएं, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने समस्त संबंधित अधिकारियों से आग्रह किया है कि उपरोक्तानुसार व्यापक जनसहभागिता से जनपद में ’वंदे मातरम् गीत के 150 वर्ष’ के सभी कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक क्रियान्वित कराने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।