आगरालीक्स…आगरा की 13 साल की लड़की कुंभ में बनी थी साध्वी. अब वापस लौट रही घर. परिजनों के इस प्रयास से बदला लड़की का मन…
कुंभ 2025 में आगरा की एक नाबालिग लड़की ने साध्वी बनने का अचानक फैसला लिया था. 13 साल की उम्र में ही यह लड़की हरियाणा के एक आश्रम में रहने लगी थी. परेशान परिजनों ने काफी प्रयास किया लेकिन लड़की वापस नहीं लौटी. इसके बाद परिवार ने पुलिस की मदद मांगी. पुलिस ने कई दिनों तक लगातार काउंसलिंग की जिसके बाद आखिरकार नाबालिग लड़की घर वापस आने को राजी हुई है. परिजनों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है.
डौकी थाना क्षेत्र की रहने वाली 13 साल की राधा (बदला नाम) इसी साल आयोजित कुंभ में अपने माता पिता के साथ गई थी. लेकिन वहां से उसका जीवन अचानक मोड़ ले बैठा. आध्यात्मिक आकर्षण और भावनात्मक प्रभाव में आकर उसने साध्वी बनने का फैसला ले लिया था. परिजनों ने लाख समझाया लेकिन राधा अपने फैसले पर अड़ी रही और यहां से हरियाणा के विलासपुर स्थित कौशल किशोर आश्रम में जाकर रहने लगी.
परिजनों ने पुलिस की ली मदद
समय बीतने पर परिजनों की चिंता बढ़ती गई. बेटी की वापसी के लिए उन्होंने पुलिस की मदद की गुहाल लगाई. पुलिस ने नाबालिग की सुरक्षा और मानसिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने कई दिनों तक राधा की काउंसलिंग की. उसे परिवार के महत्व और उसकी उम्र में ऐसे बड़े निर्णयों के प्रभाव भी अच्छे से समझाए. पुलिस के यह प्रयास और बातचीत का असर धीरे धीरे राधा पर दिखाई देने लगा. आखिरकर राधा का मन बदला और वह माता पिता के साथ घर लौटने को तैयार हो गई. बेटी को सुरक्षित वापस पाकर परिवार में खुशी है. उन्होंने पुलिस की मानवीय पहल की सराहना की.