आगरालीक्स…(वीडियो देखें), ताजमहल की खूबसूरती आगरा के लिए श्राप है…सांसद राजकुमार चाहर ने शीतकालीन सत्र में ऐसा क्यों कहा, जानें
ताजमहल की खूबसूरती पूरे विश्व का ध्यान आकर्षित करती है लेकिन यही खूबसूरती आगरा की जनता के लिए श्राप बनी हुई है. ये बात लोकसभा के शीतकालीन सत्र में बुधवार को फतेहपुर सीकरी से सांसद राजकुमार चाहर ने कही. उन्होंने आगरा की जनता से जुड़े एक महत्वपूर्ण मुद्दे पर सरकार का ध्यान आकृष्ट किया.आगरा के नौजवान हो रहे बेरोजगार
लोकसभा में बोलते हुए सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि आगरा में विश्व प्रसिद्ध ताजमहल है. उसकी खूबसूरती पूरे विश्व का ध्यान आकर्षित करती है, लेकिन यही खूबसूरती आगरा की जनता के लिए एक तरह से श्राप बन गई है. ताज ट्रेपेज़ियम ज़ोन (TTZ) और एनजीटी के कड़े नियमों के कारण आगरा में उद्योग व फैक्ट्रियों की स्थापना लगभग असंभव हो गई है, जिसका सबसे बड़ा दुष्प्रभाव यह है कि आगरा का नौजवान बेरोजगारी का सामना कर रहा है.
सांसद चाहर ने कहा कि आगरा की भौगोलिक और सड़क कनेक्टिविटी को रेखांकित करते हुए कहा कि दिल्ली–आगरा एक्सप्रेसवे, लखनऊ–आगरा एक्सप्रेसवे, आगरा–ग्वालियर नया एक्सप्रेसवे और आगरा–जयपुर मार्ग के कारण आगरा की देश के प्रमुख महानगरों तक उत्कृष्ट पहुँच है. जब उद्योगों पर प्रतिबंध है, तब शहर के विकास का सबसे उपयुक्त और बड़ा विकल्प यह है कि आगरा में भारत का प्रमुख आईटी हब स्थापित किया जाए. सांसद ने केंद्र सरकार से स्पष्ट मांग रखते हुए कहा कि आगरा के बेरोजगार युवाओं के भविष्य और जनहित को ध्यान में रखते हुए आगरा को तत्काल प्रभाव से आईटी हब घोषित किया जाए. इससे जहां हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा, वहीं शहर का समग्र विकास भी होगा और ताजमहल की ऐतिहासिक सुंदरता भी सुरक्षित रहेगी.