आगरालीक्स…आगरा में नये साल से पहले ताजमहल पर्यटकों से हाउसफुल. वीकेंड पर उमड़ी रिकॉर्ड भीड़. एमजी रोड, फतेहाबाद रोड पर लगा जाम का झाम…
आगरा में इस समय पर्यटन सीजन चल रहा है. नये साल से पहले ही ताजमहल पर्यटकों से हाउसफुल हो गया है. वीकेंड होने और आज सार्वजनिक अवकाश होने के कारण रिकॉर्ड संख्या में पर्यटक ताजमहल का दीदार करने के लिए पहुंचे. ताज के पश्चिमी व पूर्वी गेटों पर लाइनें लग गई. पश्चिमी गेट पर हालात बेकाबू रहे. मौसम खुशगवार रहने से दिन चढ़ने के साथ भीड़ बढ़ती चली गई. पश्चिमी गेट पर टिकट खरीदने और स्मारक में प्रवेश के लिए आधा घंटे तक चेकिंग के लिए उन्हें लाइन में लगना पड़ा. पूर्वी गेट पर भी यही हालात रहे. मुख्य गुंबद में प्रवेश के लिए भी पर्यटकों को लाइन में लगना पड़ा.
पार्किंग हो गई फुल
ताजमहल पर भीड़ उमड़ने से शनिवार को ताज पश्चिमी गेट पार्किंग और शिल्पग्राम पार्किंग फुल हो गई. पश्चिमी गेट पर वाहन सड़क पर खड़ा करा दिए गए, जिससे पैदल निकलने वाले पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा.
जाम के झाम में फंसे लोग
ताजमहल सहित अन्य स्मारकों पर पर्यटकों की भारी भीड़ के चलते जाम का झाम शहर की सड़कों पर लगा रहा. एमजी रोड हो या फिर फतेहाबाद रोड वाहनों का शोर दिन भर मचता रहा. हाल ये रहा कि ताजमहल तक पहुंचने के लिए लोगों का काफी समय जाम में चला गया. एमजी रोड पर पहले ही जाम के चलते हालात खराब बने हुए हैं, आज अधिक भीड़ होने के कारण यहां हालात ज्यादा खराब रहे.
पर्यटकों के लिए बंद हैं जीवनी मंडी रोड
बता दें कि भारी भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने पहले ही पर्यटकों के वाहनों के लिए डायवर्जन जारी कर रखा है. 25 दिसंबर से 5 जनवरी तक के लिए लागू किए गए इस डायवर्जन में कोई भी पर्यटक वाहन जीवनी मंडी होकर ताजमहल या आगरा किला नहीं पहुंचेगा. यमुना एक्सप्रेस वे से आने वाले सभी पर्यटक वाहन रिंग रोड होते हुए फतेहाबाद रोड पर आएंगे और यहां से ताजमहल व आगरा फोर्ट के लिए जाएंगे.