आगरालीक्स..आगरा में फर्जी फर्म बनाकर जीएसटी चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश. 500 करोड़ की जीएसटी चोरी की. 90 कंपनियों की मुहर और चार लग्जरी कार बरामद…8 अरेस्ट
आगरा में फर्जी फर्म बनाकर जीएसटी चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. आगरा में दर्ज मुकदमे के बाद एसटीएफ मेरठ ने आठ आरोपियों को अरेस्ट किया है. टीम ने इनके पास से 90 कंपनियों की मुहर और चार लग्जरी कार भी बरामद की है. इन लोगां ने 500 करेाड़ रुपये से ज्यादा की जीएसटी चोरी को अंजाम दिया है. सभी आरोपी मेरठ, दिल्ली और आंबेडकर नगर के रहने वाले हैं. इनका नेटवर्क 12 राज्यों में फैला हुआ था जहां अलग—अलग पते से फर्जी फर्म बना रखी थी. सभी को आगरा पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है.
कमला नगर में बनाई थी फर्जी फर्म
बीते जुलाई माह में थाना लोहामंडी में जीएसटी चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया था. दर्ज मुकदमे में अकबर रोड ब्लड बैंक कमला नगर में शर्मा एंटरप्राइजेज के नाम से फर्म बनाकर जीएसटी चोरी की गई थी. जीएसटी की सहायक आयुक्त विनीता श्रीवास्तव ने बताया कि जीएसटी पोर्टल पर फर्म के स्वामी का नाम अर्पित शर्मा निवासी स्नेह सदन लखनऊ दर्शाया गया था. जिस स्थान पर कंपनी दिखाई गई थी, उस बिल्डिंग के स्वामी ने बताया कि यहां कोई फर्म संचालित नहीं है.
जीएसटी चोरी करने वाले गिरोह को पकड़ा
आगरा पुलिस ने ने जब इसकी जांच की तो मेरठ का एक गिरोह सामने आया. इस पर गिरोह की धरपकड़ के लिए आगरा पुलिस के साथ एडीजी कानून व्यवस्था अमिताभ यश के आदेश पर एसटीएफ मेरठ यूनिट को लगाय गया. एसटीएफ ने इस गिरोह को चलाने वाले मेरठ के न्यू इस्लामनगर निवासी दिलशाद को अरेस्ट किया. इसके बद दिल्ली और आंबेडकर नगर से इसके साथियों को अरेस्ट किया गया. इस गिरोह के आठ सदस्यों ने फर्जी फर्म बनाकर 500 करोड़ से ज्यादा की जीएसटी चोरी को अंजाम दिया था. पुलिस ने इनके पास से 90 कंपनियों की मुहर, 18 मोबाइल फोन, 54 बैंकों की चेक बुक, सात पेन कार्ड, 54 डेबिट कार्ड, तीन लैपटॉप, चार लग्जरी गाड़ियां सहित अन्य सामान बरामद किए हैं.
इनको किया गया अरेस्ट
दिलशाद मलिक निवासी न्यू इस्लामनगर मेरठ
रमेश पटेल निवासी न्यू अशोक नगर दिल्ली
अंकुर तिवारी निवासी आंबेडकर नगर
स्वतंत्र कुमार तिवारी निवासी आंबेडकरनगर
वसीम निवासी करीम नगर मेरठ
सोहेल निवासी मेरठ
जावेदन मलिक निवासी मेरठ
इकरामुद्दीन निवासी मेरठ