आगरालीक्स…एक नवंबर को शादी और 26 दिसंबर को मौत..आगरा के नौसैनिक जवान की ड्यूटी पर मौत. परिवार के इकलौते बेटे के निधन से मचा कोहराम…पत्नी पर टूटा दुखों का पहाड़
आगरा के मलपुरा क्षेत्र के गांव गामरी में सन्नाटा पसरा हुआ है. हर कोई उदास है. घर के अंदर से रोने की चीत्कारें आ रही हैं. दो महीने पहले ही जिस घर में खुशियां छाई हुई थीं. इकलौते बेटे की शादी में मंगल गीत गाए गए थे उस घर में रोने की आवाजें आ रही हैं. परिवार में कोहराम मच गया है. गांव गामरी का रहने वाले नौसेना के जवान अभिषेक कुमार की शुक्रवार को मुंबई में ड्यूटी के दौरान मौत हो गई. वह अप्रैल 2020 में ही भारतीय नौसेना में भर्ती हुए थे. शनिवार को मुंबई के कोलाबा से उनका शव तिरंगे में लिपटा हुआ घर आया तो पूरा गांव गमगीन हो गया. जवान के अंतिम दर्शन के लिए हजारो लोगों की भीड़ जुट गई.शाद को करीब छह बजे सैन्य सम्मान से अंतिम संस्कार किया गया.
एक नवंबर को हुई थी शादी
अभिषेक परिवार में इकलौते पुत्र थे. दो बहनें स्नेहा और सोनम के अलावा माता सुनीता देवी और पिता लाखन सिंह थे. अभिषेक पर ही पूरे घर की जिम्मेदारी थी. एक नंवबर को अभिषेक की शादी कागारौल के गांव बीसलपुर में रहने वाले अमर सिंह की बेटी भावना उर्फ रेनू के साथ शादी हुई थी. 17 नवंबर को ही अभिषक छुट्टी खत्म होने पर ड्यूटी पर गए थे. नई नवेली पत्नी से जल्दआने की बात कही थी.
बीमारी के बाद आई मौत की सूचना
पिता लाखन ने बताया कि उन्हें मुंबई से सूचना मिली थी उनके बेटे की तबीयत खराब हो गई है. इसके बाद मौत की सूचना मिली तो पैरों तले जमीन खिसक गई. मुंबई से शव के साथ आए लेफ्टिनेंट कमांडर नितिन वशिष्ठ ने बताया कि रोज की तरह अभिषेक आईएनएस ड्यूटी दे रहे थे. तभी उनकी तबीयत बिगड़ गई. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराय गया लेकिन जान नहीं बची.