आगरालीक्स…जाम से जूझता आगरा. दोपहर के दो बजे से शाम 4 बजे तक संजय प्लेस हो या हाइवे या फिर एमजी रोड, तगड़ा रहता है जाम…
पिछले कुछ समय से आगरा भयंकर जाम से लगातार जूझ रहा है. हाइवे हो या फिर एमजी रोड, संजय प्लेस हो, दिल्ली गेट या फिर अन्य कोई मुख्य बाजार या मार्ग, आपको जाम मिल ही जाएगा. खासकर दोपहर दो बजे से शाम 4 बजे तक आगरा के कई इलाके जाम से जूझ रहे होते हैं. इसका एक बड़ा कारण सभी स्कूलों की छुट्टी का समय भी है. आगरा में इस समय दोपहर दो बजे से तीन बजे तक लगभग सभी स्कूलों की छुट्टी होती है. ऐसे में स्कूल बसों के एक साथ निकलने और अन्य वाहनों के कारण जाम पैदा हो जाता है. वहीं सड़कों पर बेतरतीब खड़े होने वाले वाहन भी जाम का कारण बनते हैं. यातायात पुलिसकर्मी जाम खुलवाते हुए नजर आते हैं.
दो घंटे जाम से जूझा संजय प्लेस, दिल्ली गेट
आगरा में बुधवार को भी दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक संजय प्लेस, दिल्ली गेट पर जाम की विकट स्थिति बनी रही. इसका असर एमजी रोड पर भी दिखाई दिया. जाम के कारण मदिया कटरा चौराहा, बोदला चौराहा, न्यू आगरा, सिकंदरा भी जूझते रहते हैं. टेढ़ी बगिया का चौराहे पर हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है.
सड़कों पर खड़ी बेतरतीब गाड़ियां
आगरा में दिल्ली गेट पर लगने वाला जाम का मुख्य कारण सड़कों पर खड़ी होने वाली गाड़ियां हैं. शहर के बड़े हॉस्पिटल्स भी यहां पर हैं, ऐसे में हर समय वाहनों का आवागमन लगा रहता है. दिल्ली गेट पर चाय पीने आने वालों की संख्या इतनी अधिक है कि एक तरफ का पूरा मार्ग चाय की दुकानों के बाहर खड़ी बाइकों से घिरा रहता है. दूसरी ओर भी कारें चाय के लिए रुकती हैं. वहीं अस्पतालों के आसपास भी कई वाहन सड़कों पर खड़े रहते हैं.