मथुरालीक्स…मथुरा में भाभी की गला काटकर हत्या. चार महीने पहले ही हुई थी शादी. देवर बना कातिल, खुद का भी गला रेता, हालत गंभीर
मथुरा जिले के थाना नौहझील क्षेत्र में एक महिला की गला काटकर हत्या की गई है. महिला की हत्या उसके ही देवर ने की है. भाभी की हत्या करने के बाद उसने खुद का भी गला रेत लिया. उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. अस्पताल की ओर से मिली सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की. हत्या के बाद ससुरालियों ने सबूत मिटाने की कोशिश भी की है. मृतका के मायके पक्ष की ओर से तहरीर दी गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.चार महीने पहले हुई थी शादी
मथुरा के थाना नौहझील क्षेत्र के गांव बाघई कटैलिया में ज्वालाप्रसाद रहते हैं. इनके बड़े बेटे प्रमोद की शादी चार महीने पहले आगरा की रहने वाली करिश्मा के साथ हुई है. रविवार सुबह छोटे बेटे दीपक का अपनी भाभी करिश्मा के साथ किसी बात पर विवाद हो गया. इस पर गुस्साए दीपक ने धारदार हथियार से करिश्मा का गला काट दिया और इसके तुरंत बाद उसी हथियार से खुद का भी गला रेत लिया. दोनों लहूलुहान हालत में जमीन पर गिर गए. यह देख परिजनों के होश उड़ गए और दोनेां को अस्पताल लेकर पहुंचे.
अस्पताल में चिकित्सकों ने करिश्मा को मृत घोषित कर दिया. अस्पताल की ओर से इसकी सूचना पुलिस को दी गई तो पुलिस जांच को पहुंची. घायल दीपक को आगरा रेफर किया गया है, उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. पुलिस का कहना है कि घटनास्थल पर जाकर जांच की गई तो परिजनों ने सबूत मिटाने की कोशिश की. खून को साफ किया गया और ब्लेड को चूल्हे की राख में दबा दिया जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.