आगरालीक्स…आगरा में होली पर मिलावट को लेकर एक्शन में एफएसडीए. शहर में जगह—जगह दूध, पनीर, दही, खोया के लिए सैंपल. रात में भी चला अभियान
होली के त्योहार को ध्यान में रखते हुए जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थों के विक्रय पर प्रभावी रोकथाम हेतु खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग आगरा की टीम द्वारा विशेष छापामारी एवं जाँच अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान होली पर्व के दृष्टिगत खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम हेतु खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा शुक्रवार को टीम द्वारा जनपद के प्रमुख मार्गों पर रात्रि में सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया, जिसमें सैयां टोल प्लाजा पर एक दूध का नमूना संग्रहीत किया गया. इसके अतिरिक्त जनपद के विभिन्न स्थानों से पनीर, दही, मोमोज, स्किम्ड मिल्क एवं खोया के नमूने भी संग्रहित किए गए, जिन्हें परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है. निरीक्षण में पायीं गयी कमियों के निराकरण हेतु सम्बंधित प्रतिष्ठानों को सुधार सूचना प्रेषित की गयी. विभाग द्वारा जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु विशेष अभियान निरंतर जारी है. आमजन से अपील है कि खाद्य पदार्थ क्रय करते समय गुणवत्ता एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें. प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी