आगरालीक्स…आगरा में ट्रांस यमुना डॉक्टर एसोसिएशन ने धूमधाम से मनाया होली महोत्सव. फूलों के साथ होली खेलकर उत्सव को उल्लासपूर्ण बना दिया…
ट्रांस यमुना डॉक्टर एसोसिएशन द्वारा श्री कृष्णा ऑडिटोरियम में भव्य होली रंगोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राधा-कृष्ण की सुंदर झांकी और फूलों की होली के साथ हुई, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय और रंगों से सराबोर कर दिया। इस अवसर पर ट्रांस यमुना क्षेत्र के सभी चिकित्सकों और सदस्यों ने राधा-कृष्ण की झांकी के साथ नृत्य किया और फूलों के साथ होली खेलकर उत्सव को उल्लासपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. विद्या गुप्ता ने अपनी नृत्य प्रस्तुति के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण का आह्वान करते हुए होली उत्सव की शुरुआत की। इसके पश्चात राधा-कृष्ण नृत्य एवं रासलीला की मनमोहक प्रस्तुति ने सभी उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों एवं सदस्यों का स्वागत अध्यक्ष डॉ. पियूष कुमार गुप्ता द्वारा किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. आलोक मित्तल ने किया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. मुकेश गोयल एवं डॉ. अरविंद यादव द्वारा किया गया। इस अवसर पर ट्रांस यमुना डॉक्टर एसोसिएशन के सभी सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर प्रेम, भाईचारे और उत्साह के साथ होली महोत्सव मनाया।